लखनऊ: कांग्रेस के टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ने वाली प्रेमा अवस्थी भाजपा में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के टिकट से लखनऊ के मेयर का चुनाव लड़ने वाली प्रेमा अवस्थी भाजपा में शामिल हो गईं। बुधवार को लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और हीरो वाजपेयी की मौजूदगी में प्रेमा को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का राजनीतिक वजूद बचाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा को आगे लगाया गया है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रचंड लहर चल रही है, उसके आगे कोई भी विपक्षी दल का नेता टिक नहीं पाएगा।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जब इंदिरा गांधी चुनाव लड़ रही थीं तो कांग्रेस ने नारा दिया था ‘इंदिरा लाओ देश बचाओ’, वैसे ही प्रियंका चुनाव प्रचार कर रही हैं तो अब नारा है ‘प्रियंका लाओ राहुल बचाओ’। प्रियंका का आना राहुल के फेल होने की स्वीकारोक्ति है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अमेठी में राहुल को दिखी शेरनी, तो भैया भागे दूर।
सातवें चरण के बाद 300 पार होगी भाजपा की सीटों की संख्या
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि देश में तीन चरणों में 300 से अधिक लोकसभा सीटों के चुनाव हो चुके हैं, हर जगह मोदी लहर छाई हुई है। सातवां चरण समाप्त होने के बाद भाजपा 300 सीटों के पार पहुंचेगी।
विपक्षी दलों ने जिस तरह ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया, उससे साफ जाहिर है कि उन्हें हार का अहसास हो गया है। सपा और बसपा अपनी जमीन बचाने के लिए और कांग्रेस अपनी हैसियत बचाने के लिए चुनाव मैदान में है। सरकार बनाने के लिए सिर्फ भाजपा चुनाव मैदान में है।
शत्रुघ्न सिन्हा पर साधा निशाना
त्रिवेदी ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा बिहार में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री का मैटेरियल अखिलेश यादव में दिख रहा है। अब तक तो गठबंधन के लोग ही राहुल की क्षमता पर सवाल उठाते थे, लेकिन अब तो कांग्रेस के उम्मीदवार भी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री का मैटेरियल नहीं मान रहे हैं।