कांग्रेस प्रत्याशी का बड़ा बयान, कहा- चुनाव जीते तो राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ से कांग्रेस के प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने रविवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेंगे। इसके लिए सभी पक्षकारों और धर्मगुरुओं से वार्ता करेंगे। उन्होंने भाजपा पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा, पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए पांच साल में पांच मिनट का समय भी नहीं निकाला जबकि, उनकी पूर्ण बहुमत की सरकार है।
प्रमोद कृष्णम ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा मंदिर निर्माण के नाम पर सिर्फ प्रोपेगैंडा करती है। कहा करती थी कि पूर्ण बहुमत की सरकार आने पर अध्यादेश लाकर सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर अयोध्या में मंदिर बनाएंगे। लेकिन, 5 साल में कुछ नहीं किया। तीन तलाक पर तीन बार अध्यादेश ले आए, पर मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश नहीं लाए। प्रमोद कृष्णम ने कहा कि भाजपा मंदिर निर्माण को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।
एक सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण विश्व के करोड़ों राम भक्तों की आस्था का सवाल है। आस्था के सवाल अदालत में हल नहीं हो सकते। सुप्रीम कोर्ट ने भी बातचीत से मामला सुलझाने के लिए व्यवस्था दी है। चुनाव के बाद हम मंदिर निर्माण के लिए गंभीर प्रयास प्रारंभ करेंगे। लेकिन, न तो इसे राजनीतिक मुद्दा बनाएंगे और न ही कुछ ऐसा करेंगे, जिससे देश की एकता को खतरा पैदा हो। हम प्रभु राम के नाम को राजनीति में नहीं घसीटना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि वे तमाम मुस्लिम धर्मगुरुओं और उलेमाओं से मिल चुके हैं, पर ये लोग भी राममंदिर निर्माण के विरोधी नहीं हैं। चुनाव के बाद वे सभी पक्षकारों, मुस्लिम धर्मगुरुओं और संतों के साथ बैठकर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कराएंगे।
गंगा-जमुनी तहजीब के लिए खतरा है भाजपा
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि चुनाव जीतने पर वह लखनऊ की दशा सुधारेंगे। सड़कों, सीवर लाइन व कूड़ा निस्तारण पर विशेष ध्यान देंगे। चिकित्सा सुविधाओं में सुधार लाएंगे। बिजली के खुले तार हटाएंगे। जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने का प्रबंध करेंगे।
उन्होंने राजनाथ सिंह पर लखनऊ का विकास न कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी कहीं नहीं दिखता। प्रदूषण चरम पर है। आम उत्पादन का हब है, लेकिन यहां कोल्ड स्टोरेज की चेन की तरफ बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया गया।
60 फीसदी लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा है। उद्योग खत्म हो गए। प्रोत्साहन के अभाव में जरी-जरदोजी और चिकन का काम भी दम तोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजधानी की गंगा-जमुनी तहजीब के लिए खतरा है।
प्रिवी पर्स पर भी कांग्रेस से इतर कृष्णम का स्टैंड
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि उनसे लखनऊ की रॉयल फैमिलीज (नवाब खानदान) का एक प्रतिनिधिमंडल मिला था। राजनाथ सिंह ने नवाब खानदान के इन लोगों से पेंशन दिलवाने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने पर इस वादे को भूल गए। हम सत्ता में आए तो उनकी समस्या को हल कराएंगे।
यह पूछे जाने पर कि राजा-रजवाड़ों के लिए प्रिवी पर्स (पेंशन) की व्यवस्था सत्तर के दशक में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ही समाप्त की थी, कृष्णम ने कहा कि तब असमानता खत्म करने के लिए यह आवश्यक था। आज इन लोगों की भी बात सुनी जानी चाहिए।