23 मई के बाद शुरू होगी 70 सालों के भ्रष्टाचार की रिकवरी: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जितना काम 55 सालों में नहीं कर सकी उतना काम भाजपा ने सिर्फ पांच साल में कर दिखाया। मोदी सरकार में एक भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। इस बार 23 मई के बाद जब केंद्र में भाजपा सरकार आएगी तो 70 सालों के भ्रष्टाचार की रिकवरी की जाएगी।
केशव बृहस्पतिवार को गोंडा जिले के गौरा विधानसभा के गिन्नी नगर बाजार में भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज मोदी को रोकने के लिए विपक्ष एक हो गया है। भ्रष्टाचारियों में भय व्याप्त है इसलिए जेल जाने से बचने के लिए विपक्षियों ने गठबंधन किया है। देश के गरीब किसानों ने मोदी को फिर से सत्ता में लाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है।
उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर कहा कि नकली बुआ-भतीजे और कांग्रेस मोदी को नहीं रोक पाएंगे। जिस तरह यूपीए की 10 साल की सरकार में भ्रष्टाचार हुआ वैसे ही यूपी में सपा-बसपा शासनकाल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने कहा कि छह मई को हर बूथ पर कमल खिलाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है, जिससे कि देश में गरीबी, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सके।
उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में हर गरीब के घर स्वच्छ भारत योजना के तहत शौचालय बनाए गए हैं। वहीं, उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस चूल्हा दिया गया है जिससे उनकी जिंदगी आसान हुई है।
राहुल गांधी व अखिलेश यादव खुद ही हार रहे हैं चुनाव
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस बार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सपा मुखिया अखिलेश यादव खुद ही चुनाव हार रहे हैं। अमेठी व रायबरेली की जनता ने कांग्रेस की ऑक्सीजन खत्म कर दी है। अखिलेश यादव आजमगढ़ से चुनाव हार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही देशद्रोहियों का समर्थन किया है जबकि भाजपा राष्ट्र हित में कार्य कर रही है। कांग्रेस की सरकार में केंद्र से एक रुपया भेजने पर 15 पैसे ही जनता को मिल पाते थे पर अब गरीबों को उनका हक मिल रहा है।