किसान सम्मान निधि के लिए खुलेआम रुपये ले रहा था लेखपाल, वीडियो वायरल, निलंबित
किसान सम्मान निधि के आवेदन के लिए किसानों से लेखपाल द्वारा पैसा लिए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। ग्राम पंचायत में प्रत्येक आवेदक से लेखपाल खुलेआम सौ-सौ रुपये लेकर मेज पर इकट्ठा कर रहा था।
वीडियो वायरल होने के बाद आनन-फानन में मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने मामले की जांच की। तहसीलदार ने लेखपाल, ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ केस दर्ज करवाते हुए लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
केंद्र सरकार से संचालित किसान सम्मान निधि के आवेदन में भी लेखपाल अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। क्षेत्र के भैरोपुर ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार को पात्र किसानों से आवेदन लेने के लिए लेखपाल अजीमउल्ला 100-100 रुपये ले रहा था।
हर एक आवेदकों से आरोपी लेखपाल 100-100 रुपये लेकर मेज पर रखवा रहा था। कई किसानों की शिकायत के बाद भी लेखपाल अपनी हरकत से बाज नहीं आया तो एक युवक ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
इस तरह हुई पैसा लेने की पुष्टि
किसान सम्मान निधि के आवेदन में पैसा लेने का वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही तहसीलदार कादीपुर मौके पर जांच करने पहुंच गए। तहसीलदार हरिश्चंद्र ने बताया कि लेखपाल अजीमउल्ला ग्राम प्रधान व दो अन्य सहयोगियों की मदद से किसानों से पैसा ले रहा था।
प्रकरण में लेखपाल अजीमउल्ला, ग्राम प्रधान समेत दो अन्य के खिलाफ मोतिगरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। लेखपाल को उपजिलाधिकारी द्वारा निलंबित कर दिया गया है।