बड़ी खबरः जून से महंगी हो जाएंगी एलडीए की जमीनें
एलडीए अपनी कॉलोनियों में एक जून से जमीन के रेट रिवाइज करने की तैयार कर रहा है। इसके बाद जमीनों के रेट में 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना है। ये रेट लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की करीब एक दर्जन कॉलोनियों में प्रभावी होंगे।
इसका सबसे अधिक असर प्लाटों की रीसेल और फ्लैटों की बिक्री पर पड़ेगा। कास्टिंग विभाग ने विभिन्न कॉलोनियों का प्रस्ताव बना लिया है। जल्द ही कास्टिंग कमेटी की मीटिंग होगी, जिसमें ये प्रस्ताव पास कराने की तैयारी है। जमीन का रेट बढ़ने का सबसे अधिक असर एलडीए की ग्रुप हाउसिंग स्कीमों पर पड़ेगा।
ट्रिपल प्राइम लोकेशन पर मिलेगी छूट
कॉर्नर, पार्क फेसिंग और सामने की सड़क 18 मीटर चौड़ी अगर एक साथ किसी प्लॉट के लिए उपलब्ध हों तो आवंटी को रजिस्ट्री में ट्रिपल प्राइम लोकेशन चार्ज लगेगा। यह 25 फीसदी होगा। जबकि, अगर ये तीनों प्राइम लोकेशन अलग-अलग लागू हुई तो कॉर्नर के लिए 10, 18 मीटर चौड़े रोड के लिए 10 और पार्क फेसिंग के लिए कुल सर्किल रेट का 5 फीसदी देना पड़ेगा।
किसी योजना में अगर एलडीए की अगर व्यावसायिक प्रापर्टी हो तो वहां रिहायशी दर का दोगुना या फिर डीएम सर्किल रेट जो भी ज्यादा हो, वह दर लागू की जाएगी। यह दर डेढ़ एफएआर तक ही अनुमन्य होगी। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लोगों को सर्किल रेट में 30 फीसदी की छूट दी जाएगी।