गोंडा में 48 अधिवक्ता चैंबरों के ताले तोड़ नकदी व लैपटाप चोरी, 15 दिन में दोबारा हुई वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा में अधिवक्ताओं के साथ एक बार फिर 15 दिन पहले की तरह बार एसोसिएशन में बने चैंबर के ताले तोड़ कर वकीलों की फाइलें नष्ट करने का प्रयास हुआ।
बुधवार रात भी सिविल कोर्ट में बने 48 अधिवक्ता चैंबरों के ताले तोड़ दिए गए। पत्रावलियां फाड़ दी गईं और नकदी व लैपटॉप चोरी हो गया। यह वारदात एसपी कार्यालय के सामने सिविल कोर्ट परिसर में हुई। एसपी व जिला जज ने मौके पर जाकर देखा तथा अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर वारदात पर अंकुश लगाने की मांग की।
नगर कोतवाली क्षेत्र के दीवानी कचहरी परिसर स्थित सिविल बार एसोसिएशन अधिवक्ता चेंबर में निर्मित 48 अधिवक्ता कक्षों का ताला तोड़ दिया गया। चोरों ने फाइलें फाड़ दीं और लैपटॉप सहित अन्य सामान उठा ले गए। अधिवक्ता महेश सिंह के मुताबिक उन्होंने अपने चैंबर में 55 हजार रुपये रखे थे, जिसे चोर उठा ले गए।
अधिवक्ता दिनेश पांडेय ने बताया कि उनका लैपटॉप चोरी हो गया। इस तरह अन्य अधिवक्ताओं ने नुकसान की जानकारी दी। नाराज अधिवक्ता गोंडा एसपी मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन चोर के नारे लगाते हुए जिला जज के पास पहुंचे, जहां घटना की जानकारी दी। एसपी राकेश प्रकाश सिंह को अधिवक्ताओं के गुस्से का सामना करना पड़ा।
वकीलों ने नारेबाजी करते हुए उनकी गाड़ी के आगे प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि 15 दिन पहले बार एसोसिएशन के चैंबर में ताला तोड़कर चोरी हुई थी, जिसमें जरूरी दस्तावेज नष्ट करने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस घटना का राजफाश नहीं कर सकी।
अब दीवानी कचहरी परिसर में एक साथ 48 अधिवक्ता चैंबरों को ताला तोड़ दिया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डाग स्क्वायड टीम से जांच कराई। साथ ही अन्य तकनीकी टीम को फिंगर प्रिंट आदि तलाशने को निर्देश दिया।
एसपी के सामने वकीलों ने लगाए मुर्दाबाद के नारे
48 अधिवक्ता चैंबरों के ताले टूटने के साथ ही अधिवक्ताओं के सब्र का बांध टूट गया। नाराज अधिवक्ताओं ने एसपी के सामने ही पुलिस प्रशासन चोर है, गोंडा एसपी मुर्दाबाद के नारे लगाए। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र मिश्रा ने कहा कि दीवानी न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ताओं का चैंबर का ताला टूटना साफ बता रहा है कि जिले में कानून व्यवस्था खतरे में है।
आज न्यायिक कार्य का बहिष्कार करेंगे अधिवक्ता, निकालेंगे जुलूस
दीवानी कचहरी परिसर में हुई चोरी को बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन दोनों संगठनों ने गंभीरता से लिया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम कृपाल शुक्ल, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र मिश्र ने कहा कि अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके विरोध में गुरुवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य का बहिष्कार करेंगे। पुलिस की शिथिलता के विरोध में जुलूस निकालकर जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी व डीआईजी को ज्ञापन दिया जाएगा।