घोषित हुई बीटीसी दाखिले की पूरी प्रकिया, और फीस भी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीटीसी की 50,450 सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू हो जाएगी और 16 जुलाई तक किया जा सकेगा। आवेदन 21 जुलाई तक किए जा सकेंगे और मेरिट 2 अगस्त तक जारी करते हुए 10 अगस्त तक प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू कर दिया जाएगा।
सचिव बेसिक शिक्षा एलएल गुप्ता ने मंगलवार को बीटीसी शैक्षिक सत्र 2014-15 में दाखिले के लिए शासनादेश जारी कर दिया है। राज्य सरकार ने सरकारी संस्थानों यानी डायटों में बीटीसी की फीस 4600 से बढ़ाकर 10,200 रुपये कर दी है। डायटों में बीटीसी की 10,450 और निजी कॉलेजों में 40,000 सीटें हैं।
बीटीसी दाखिले के लिए आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। डायट व निजी बीटीसी कॉलेजों की सीटों के लिए आरक्षण नियमों को ध्यान में रखते हुए सभी आवेदकों की मेरिट आरोही क्रम में जारी की जाएगी। नेशनल इनफामेटिक सेंटर (एनआईसी) सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी को मेरिट सूची उपलब्ध कराएगा।
इस तरह से होगी काउंसिलिंग
जिलेवार सीटों के आधार पर पांच गुना और विशेष आरक्षण के 10 गुना अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। काउंसलिंग करा लेने मात्र से दाखिला देना अनिवार्य नहीं हो जाएगा।
सीटों के आधार पर ही दाखिला दिया जाएगा। डायट प्राचार्य मेरिट अखबारों में प्रकाशित कराने के साथ जिले के एनआईसी की वेबसाइट पर भी इसे प्रदर्शित करेंगे।
डायट प्राचार्य डायट व निजी कॉलेजों में बीटीसी की सूची प्रकाशित कराएंगे और रिक्तियों के विकल्प के आधार पर संस्थाएं आवंटित करेंगे। दाखिले के लिए उपस्थित न होने पर एक और अंतिम मौका दिया जाएगा।
इसके बाद भी न आने पर नीचे की मेरिट वाले को मौका दिया जाएगा। निजी कॉलेजों में पेड व फ्री सीट के स्थान पर केवल एक सीट की व्यवस्था होगी। निजी कॉलेजों में मैनेजमेंट का कोई कोटा नहीं होगा। काउंसलिंग के समय निजी कॉलेज के प्रतिनिधियों को भी डायटों पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
जानिए दाखिले की तारीखें और फीस
बीटीसी की सीटों में दाखिले के लिए विज्ञापन 9 जुलाई तक को निकाले जाएंगे। ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 16 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद 18 जुलाई तक ई चालान जमा हो सकेंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई रखी गई है। 24 जुलाई तक अभ्यथी आवेदन में संशोधन करा सकते हैं। 31 जुलाई को एनआईसी द्वारा मेरिट जारी की जाएगी।
7 अगस्त से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 10 अगस्त से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार ने बीटीसी की फीस निर्धारित कर दी है। दो वर्षीय कोर्स के लिए हर साल 10,200 फीस ली जाएगी।
इसमें शिक्षण शुल्क 2400, कॉशनमनी 2500, परिचय पत्र शुल्क 100, क्रीड़ा शुल्क 400, अन्य शुल्क 400, विद्युत शुल्क 1200, अनुरक्षण शुल्क 1400, वाचनालय शुल्क 300, विज्ञान एवं कंप्यूटर शुल्क 1000 तथा आंतरिक व प्रायोगिक परीक्षा शुल्क 200 रुपये लिया जाएगा।