{"_id":"69848473631074ffd80774a8","slug":"kathgodam-express-will-run-from-sitapur-lucknow-news-c-13-1-lko1068-1591570-2026-02-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: सीतापुर के रास्ते पहाड़ तक पहुंचेगी काठगोदाम एक्सप्रेस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: सीतापुर के रास्ते पहाड़ तक पहुंचेगी काठगोदाम एक्सप्रेस
विज्ञापन
विज्ञापन
ऐशबाग-पीलीभीत रूट पर बढ़ेंगी ट्रेनें, मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। लखनऊ जंक्शन से काठगोदाम जाने वाली काठगोदाम एक्सप्रेस को सीतापुर रूट से चलाने की तैयारी है। ऐसा होने से यात्रियों को काफी राहत हो जाएगी। इसके अतिरिक्त डबलडेकर एक्सप्रेस को भी इस रूट पर शिफ्ट करने की कवायद दोबारा शुरू की जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे के ऐशबाग-पीलीभीत रेलखंड का गेज कन्वर्जन (अमान परिवर्तन) व विद्युतीकरण करवाया जा चुका है। इसे लखनऊ से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के लिए एक और रूट खुल गया है। अभी लखनऊ से कानपुर के रास्ते तथा लखनऊ से हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली के रास्ते ट्रेनें दिल्ली पहुंच रही थीं। लेकिन अब लखनऊ से सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी, पीलीभीत, बरेली के रास्ते ट्रेनें दिल्ली पहुंच पाएंगी। इस रेलखंड को तैयार करने में करीब 700 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ऐसे में रूट के स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा पर रेलवे फोकस कर रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर से मैलानी के बीच चलने वाली गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस का संचालन बढाकर इज्जतनगर तक कर दिया गया है। ऐसे ही लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को सीतापुर के रास्ते चलाया जा रहा है। वहीं अब इस रूट पर लखनऊ जंक्शन-काठगोदाम एक्सप्रेस को चलाने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए फीजिबिलिटी जांची जाएगी, जिसके बाद समयसारिणी व शेड्यूल बनाया जाएगा। इसमें दो से तीन महीने लग सकते हैं। इतना ही नहीं लखनऊ से दिल्ली जाने वाली डबलडेकर एक्सप्रेस को भी इस रूट से चलाने की योजना बनाई गई थी, जिसका टाइमटेबल भी तैयार कर लिया गया था। लेकिन ट्रेन रूट पर शिफ्ट नहीं हो पाई थी। ऐसे में अब अफसर दोबारा डबलडेकर एक्सप्रेस को सीतापुर रूट पर उतारने की कवायद कर रहे हैं।