पोल खुलने के डर से प्रणव मुखर्जी के आरएसएस मंच पर जाने से डर रहे हैं कांग्रेसी: कलराज मिश्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे कोई भी गठबंधन या नेता नहीं टिकेगा। देश की जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताया है, ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानियों के बाद भी ग्रामीण मोदी को अपना नेता मानते हैं। ऐसे में किसी तरह का गठबंधन काम नहीं आएगा। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कही।
वे गोसाईगंज से भाजपा विधायक इंद्र प्रताप खब्बू तिवारी के विवाह उपरांत उन्हें आशीर्वाद देने शहर स्थित उनके आवास पर मंगलवार सुबह पहुंचे थे। कलराज मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं धरती पर उतर रही हैं, इन्हीं के दम पर भाजपा 2019 में दोबारा सरकार बनाएगी।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार व भाजपा दोनों काम कर रही हैं। डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा के सीताजी के टेस्ट ट्यूब बेबी बयान से पल्ला छाड़ते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हीं से सवाल पूछे जाए।
आरएसएस के मंच पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के मौजूद रहने के मामले में उन्होंने कहा कि प्रणव मुखर्जी एक योग्य नेता हैं, उनके द्वारा वैचारिक वार्ता के दौरान कांग्रेस को अपनी पोल खुलने का डर है, इसीलिए वह इसका विरोध कर रही है। उन्होंने भाजपा विधायक खब्बू तिवारी व उनकी पत्नी आरती को आशीर्वाद दिया।
राम मंदिर पर सकारात्मक फैसला आने की उम्मीद
कलराज मिश्र ने हनुमानगढ़ी तथा रामलला के दरबार में माथा टेका। अयोध्या पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निशेंद्र मोहन मिश्र गुड्डू की अगुवाई में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राममंदिर का मामला सुप्रीम कोर्ट में हैं। हमें आशा है कि सकारात्मक फैसला आएगा और अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण होगा।
वहीं, उपचुनाव में भाजपा की हार पर कहा कि उपचुनाव में स्थानीय मुद्दे ज्यादा हावी होते हैं। समीकरण व स्थानीय परिस्थिति में काफी हद तक चुनाव परिणाम निर्भर करता है, हार की वजह तलाशी जा रही है।
उन्होंने कहा, केंद्र में मोदी एवं प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में विकास हो रहा है।
अयोध्या में हुए दीपोत्सव को पूरी दुनिया ने देखा, वह दिन दूर नहीं जब अयोध्या पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होगी। कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है। प्रदेश में अपराधी व बाहुबलियों में भय का वातावरण व्याप्त है।