...तो अपनी पगड़ी आजम के सिर पर रख दूंगा
शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा है कि नगर विकास मंत्री आजम खां झूठ बोलना और निंदा करना छोड़े दें तो वह अपना अमामा (पगड़ी) उतारकर उनके सिर पर रख देंगे।
जव्वाद मंगलवार को मल्हनी पड़ाव स्थित नकी फाटक में पत्रकारों से मुखातिब थे। वह छह सितंबर को लखनऊ में आतंकवाद के खिलाफ होने वाली रैली में लोगों से भाग लेने की अपील करने आए थे।
एक सवाल के जवाब में जव्वाद ने कहा कि आजम बार-बार उन पर शब्दों के तीर चला रहे हैं। अगर उन्हें यह मुनासिब लग रहा है तो करें लेकिन हम तो मुहब्बत की ही बात करेंगे। नफरत फैलाना अपना काम नहीं।
जव्वाद बोले, कश्मीर भारत का दिल
मौलाना ने कहा कि 'लव जेहाद' जैसा कोई शब्द इस्लाम में नहीं है। यह सिरे से नाजायज है। अगर कोई मुसलमान अपना धर्म छुपाकर विवाह करता है, तो वह विवाह भी अवैध माना जाएगा।
उन्होंने पाकिस्तान से वार्ता न होना दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि इसका हल बातचीत से निकलना चाहिए। कहा कि उनकी निजी राय है कि कश्मीर देश का हिस्सा है। भारत का दिल है। कोई भी दिल को अपने जिस्म से अलग नहीं कर सकता है।
छह सितंबर को लखनऊ में आतंकवाद के खिलाफ होने वाली रैली में हिंदू, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, शिया और सुन्नी सभी धर्मगुरु इकट्ठा होकर आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लेंगे।