अक्टूबर तक लखनऊ को दो बड़ी सौगातें, मिलेगी दुनिया में पहचान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने दो ड्रीम प्रोजेक्ट की साइट का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों के पेंच कसे।
पहले गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और इसके बाद विपिन खंड गोमती नगर में जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र का दौरा कर उन्होंने अक्तूबर-2016 तक दोनों ही प्रोजेक्ट को पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए।
अखिलेश ने बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति को लेकर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसी रफ्तार से काम करते रहें। दोनों ही जगह अखिलेश ने करीब 15 से 20 मिनट का समय दिया।
इस दौरान एलडीए और निर्माणकर्ता एजेंसियों के अधिकारियों के अलावा राजनीतिक पेंशन विभाग के मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।
इन जगहों का भी किया दौरा
दो दिन पहले मुख्य सचिव आलोक रंजन ने भी जयप्रकाश नारायण केंद्र का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने घोषणा की थी कि यहां के म्यूजियम ब्लॉक को जून तक पूरा कर दिया जाए ताकि इसका लोकार्पण किया जा सके जबकि बाकी पूरे परिसर को लेकर अक्तूबर-2016 तक का समय दिया गया था। यही बात मुख्यमंत्री ने और सख्ती के साथ शुक्रवार को दोहराईं।
उन्होंने म्यूजियम ब्लॉक, स्वीमिंग पूल, लॉन टेनिस कोर्ट, गेस्ट हाउस ब्लॉक के अलावा बाकी निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद मीडिया कर्मियों से हुई संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि यह बहुत ही विशाल परिसर है, जिसका देश दुनिया में नाम होगा। जून तक म्यूजियम ब्लॉक शुरू हो जाएगा जबकि अक्तूबर तक पूरा परिसर बन कर तैयार होगा।
आईसीसी के सारे मानक पूरे करेगा स्टेडियम
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे निर्माणों को लेकर उन्होंने बहुत खुशी जाहिर की और कहा कि ये राजधानी लखनऊ की एक और बड़ी पहचान बनेगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले होंगे, जिससे शहर में क्रिकेट का स्तर और ऊंचा होगा।
उन्होंने अक्तूबर से दिसंबर 2016 के बीच स्टेडियम का निर्माण पूरा कर लेने को कहा। उन्होंने कहा कि आईसीसी ने जितने भी उच्च स्तरीय मानक एक स्टेडियम के लिए तय किए हैं, उन सबको इस स्टेडियम में पूरा किया जाए। कहीं कोई भी कोताही न बरतें।
जेपी सेंटर और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के इस दौरे में उनके साथ एलडीए के उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह, सचिव एससी वर्मा, इकाना स्पोर्ट्स सिटी के एमडी उदय कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।