यूपी के सरकारी स्कूलों में होंगी 27 हजार भर्तियां
अखिलेश सरकार ने अपने कार्यकाल के आखिरी साल में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (एडेड स्कूल) में शिक्षकों के खाली सभी 27316 पदों को भरने का फैसला किया है।
इस बारे में माध्यमिक शिक्षा विभाग को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इनमें से करीब 9 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया अगले माह शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा प्रधानाचार्यों के 1566 खाली पदों को भरने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एडेड स्कूल लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। इससे पढ़ाई की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। यही वजह है कि थोड़े से भी सामर्थ्यवान अभिभावक अब अपने बच्चों को इन स्कूलों में भेजने से कतराते हैं।
शासन ने इस स्थिति को बदलने के लिए शिक्षकों की भर्ती का निर्णय ले लिया है। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाने से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने में कोई दिक्कत भी नहीं है।
इन पदों के लिए इतने पद हुए स्वीकृत
माध्यमिक शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, एडेड स्कूलों में प्रवक्ता (पीजीटी) के 22303 और प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 72120 पद स्वीकृत हैं।
इनमें से पीजीटी के 6551 और टीजीटी के 20765 पद खाली हैं। इस तरह से शिक्षकों के कुल 27316 पद खाली हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने खाली पदों का ब्यौरा शासन को भेज दिया है।
अगले महीने जारी होगा विज्ञापन : जितेंद्र कुमार
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि 9000 खाली पदों को भरने के लिए अप्रैल के दूसरे सप्ताह में विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इनमें 2200 पद पीजीटी और 6800 पद टीजीटी के हैं।
उन्होंने कहा कि 8000 रिक्तियां पहले निकाली गई थीं, लेकिन कई कारणों से इन पर भर्तियां नहीं हो पाईं। जल्द इन पदों पर भी भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग जैसे-जैसे बोर्ड के पास रिक्तियों की सूचना भेजेगा, उन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
जानें, किस पद के लिए कितनी होंगी भर्तियां
कुल पद--खाली पद
प्रवक्ता (पीजीटी)--22303--6551
प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी)--72120--20765
प्रधानाचार्य--4512--1566