भाजपा की बैठक में सराफा कारोबारियों का हंगामा, मीटिंग हॉल में घुसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार द्वारा सराफा पर एक्साइज ड्यूटी लगाने से खफा कारोबारियों ने हड़ताल के 30वें दिन शुक्रवार को भाजपा कार्यसमिति की बैठक हाल के समक्ष प्रदर्शन किया। कुछ कारोबारी हाल में दाखिल हो गए। इससे बैठक स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं के घुसने के अंदेशे से अफरा-तफरी मच गई।
जब भाजपा नेता निकलकर जाने लगे तो कारोबारी उनकी कार के आगे लेट गए। कारोबारियों ने बंद शोरूम की चाबियां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी को सौंप दीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कारोबारियों को आश्वासन दिया तब मामला शांत हुआ।
लखनऊ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रवींद्रनाथ रस्तोगी एवं महामंत्री प्रदीप कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में कारोबारियों ने पहले जीपीओ के समक्ष धरना दिया। फिर भाजपा कार्यसमिति की बैठक में आए मंत्रियों को व्यथा सुनाने 250 कारोबारी कूच किए।
कारोबारी बैनर एवं झंडे संग गोमतीनगर विस्तार स्थित सीएमएस स्कूल में चल रही बैठक के हाल तक पहुंच गए। प्रदर्शन एवं नारेबाजी के बाद भी सुध लेने भाजपा नेता नहीं पहुंचे तो कुछ कारोबारी हाल तक पहुंच गए।
कार के आगे लेट गए कारोबारी
बैठक में अशांति होने पर कुछ मंत्री निकलकर जाने लगे तो कारोबारी उनकी कार के आगे लेट गए। हंगामा बढ़ा तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाहर निकले।
कारोबारियों ने उन्हें बताया कि सत्ता में आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया था कि एक्साइज ड्यूटी कम करेंगे। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद सराफा कारोबार में तमाम जटिलताएं उत्पन्न कर दीं। प्रदर्शन में धर्मेंद्र गुप्ता, गोपाल अग्रवाल, मनीष रस्तोगी, संजय गुप्ता, मनीष वर्मा, उमेश पाटिल, विशाल निगम आदि थे।
नवरात्र तक सकारात्मक फैसला : डॉ. वाजपेयी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन लेने के बाद कहा कि सराफा कारोबारियों को एक्साइज टैक्स देने से कोई परहेज नहीं है। वे इंस्पेक्टरराज से बचना चाहते हैं। इस सिलसिले में भाजपा नेतृत्व से बातचीत करूंगा। उन्होंने नवरात्र तक सकारात्मक फैसला कराने का आश्वासन दिया।