आईपीएल मैच: आज से लखनऊ में आगाज, पंजाब के कोच बोले-सुपरजायंट्स को उनके घर में हराएंगे, जानिए पिच रिपोर्ट
IPL match: आईपीएल के मैचों का आगाज शनिवार से लखनऊ में हो जाएगा। लखनऊ में पहला मैच लखनऊ सुपरजायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर में शनिवार को लखनऊ सुपरजायंट्स और पंजाब किंग्स के मुकाबले के साथ आईपीएल का आगाज होगा। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के एक दिन पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए जहां कप्तान केएल राहुल, डिकॉक, रवि बिश्नोई, निकोलन पूरन पर टीम का दारोमदार होगा, वहीं दूसरी ओर पंजाब टीम में कप्तान शिखर धवन के अलावा अर्शदीप सिंह, जॉनी बेरियस्टो, सैम करन, रबाडा, जितेश शर्मा जीत के लिए जोर लगाएंगे।
केएल राहुल हमारे लिए अहम : जस्टिन लैंगर
लखनऊ सुपरजायंट्स के चीफ कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि केएल राहुल हमारे लिए ताकत है। वे हमेशा टीम की जीत के लिए सोचते हैं। आने वाले मुकाबलों में उनकी भूमिका अहम होगी। उन्होंने कहा लखनऊ की पिच बहुत ही शानदार नजर आ रही है। यहां ग्राउंड्समैन ने बहुत मेहनत की है, जिसका सीधा असर यहां स्कोर पर पड़ेगा। हालांकि आईपीएल के पहले मैच में हर का सामना करना निराशाजनक है। लैंगर ने कहा कि आईपीएल के दौरान मैंने यह देखा कि भारत में लोग हॉस्पिटैलिटी में बहुत आगे हैं। मेरा तजुर्बा यहां बहुत अच्छा रहा है खास तौर होली के पर्व के मौके पर। इसे मैंने खूब इंज्वाय किया। अगले आठ सप्ताह तक मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसा ही शानदार माहौल बना रहेगा और लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।
हम लखनऊ को उनके घर में हराएंगे : जोशी
पंजाब किंग्स के चीफ कोच सुनील जोशी ने कहा कि आईपीएल में अब तक का यह रिकॉर्ड है कि सभी टीमों ने अपने घरेलू मुकाबले जीते हैं, मगर हम लखनऊ में यह रिकॉर्ड तोड़़ते हुए मेहमान टीम होने के बावजूद जीत हासिल करेंगे। लखनऊ की पिच को लेकर उन्होंने कहा कि इकाना के मैदान से मैं बहुत अच्छी तरह से परिचित हूं। मैं अपने खिलाड़ियों को बता सकता हूं कि उनको किस तरह की गेंदबाजी करनी है और बल्लेबाजी के लिए कौन से एरिया चुनने हैं। इसलिए मैं पूरी तरह से निश्चिंत हूं।
लखनऊ में जीत से आगाज करना चाहेगी सुपरजायंट्स
पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से 20 रन से हार का सामना करने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स अपने घरेलू मैदान में जीत से आगाज करना चाहेगी। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार को होने वाले मुकाबले के लिए मेजबान टीम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। दूसरी ओर आईपीएल पहले मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ जीत और दूसरे मुकाबले में बंगलूरू से मिली हार के बार पंजाब किंग्स एक बार फिर जीत की लय पाने उतरेंगे।
एलएसजी को गेंदबाजी में सुधार की दरकार
रॉजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में एलएसजी के गेंदबाज बुरी तरह फ्लाप हुए। मुकाबले में क्रुणाल पंड्या को छोड़कर अन्य सभी गेंदबाजों ने निराश किया। खासतौर पर आगामी टी-20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने के तगड़े दावेदार रवि बिश्नोई ने अपने प्रदर्शन से टीम प्रबंधन को निराश किया, जबकि ओवरसीज प्लेयर नवीन उल हक भी अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके। मैच का एकमात्र सकारात्मक पक्ष कप्तान केएल राहुल का प्रदर्शन रहा, जिन्होंने चोट से उबरने के बाद 58 रन की शानदार पारी खेली और विकेटकीपर की भूमिका भी निभाई। अन्य बल्लेबाजों में क्विंटन डिकॉक, आयुष बडोनी, देवदत्त पडिक्कल को अच्छा प्रदर्शन करना होगा, जबकि हरनफनमौला मार्कस स्टोइनिस को भी अपनी फार्म पानी होगी।
पंजाब किंग्स को पावरप्ले में तेज खेलना होगा
पंजाब किंग्स को पावरप्ले में रन गति में तेजी लाने की जरूरत है और ऐसा तभी होगा जब पहले दो मैच में विफल रहने वाले जॉनी बेयरस्टो धमाकेदार बल्लेबाजी करें। साथ कप्तान धवन को भी अपना स्ट्राइक रेट बेहतर करना होगा। प्रभसिमरन सिंह अच्छी शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाये हैं, जबकि हरफनमौला खिलाड़ी सैम करन ने दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजी से टीम प्रबंधन को प्रभावित किया है, लेकिन वे गेंदबाजी में ऐसा कमाल नहीं कर पाये हैं। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा भी टी-20 विश्वकप के लिए टीम में जगह बनाने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन उन्हें चयनकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए विकेट के पीछे और बल्ले से दम दिखाना होगा। तेज गेंदबाजी विभाग में कागिसो रबाडा को अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल से सहयोग की उम्मीद होगी। बायें हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार प्रभावी रहे, जबकि लेग स्पिनर राहुल चाहर को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी।