IPL: दिल तोड़ने वाला रहा एलएसजी का सफर, इस टीम से हार के बाद प्लेऑफ के दरवाजे बंद; जानें कहां हुई चूक
Lucknow Super Giants का आईपीएल सफर इस सीजन निराशाजनक रहा और चेन्नई से हार के बाद टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में कुछ खिलाड़ियों को छोड़कर टीम एकजुट प्रदर्शन नहीं कर सकी। वहीं Rishabh Pant की कप्तानी और प्रदर्शन पर भी सवाल उठ रहे हैं। दूसरी ओर MS Dhoni के लखनऊ मैच में खेलने को लेकर संशय बना हुआ है।
विस्तार
आईपीएल का मौजूदा सत्र लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के लिए बुरे सपने की तरह बीता। रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स से मिली हार के साथ टीम के लिए प्लेऑफ के दरवाजे पूरी तरह बंद हो गए। अंक तालिका में अंतिम पायदान यानी दसवें स्थान पर फिसल चुकी एलएसजी अगर आने वाले तीन मुकाबलों में जीत दर्ज नहीं कर सकी तो यह टीम का पांच साल के आईपीएल इतिहास में सबसे खराब प्रदर्शन होगा।
अभी तक के प्रदर्शन को आधार माना जाए तो बल्लेबाजी में मिचेल मार्श (11 मैच में 377 रन) और गेंदबाजी में प्रिंस यादव (11 मैच में 16 विकेट) को छोड़कर अन्य कोई खिलाड़ी चमक नहीं बिखेर सका। एकजुटता का अभाव लखनऊ सुपरजायंट्स के इस सत्र में खराब प्रदर्शन का सबसे बड़ा कारण रहा। इसके अलावा 27 करोड़ी ऋषभ पंत को लेकर भी कई सवाल उठे।
11 मैच में 27.88 की औसत से 251 रन बनाने वाले पंत भले ही टीम से सबसे अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगाए एकमात्र अर्धशतक (नाबाद 68) के अलावा उनका बल्ले से बड़ा योगदान नहीं आया। पंत की कप्तानी को लेकर भी तमाम सवाल उठे कि उन्होंने खिलाड़ियों का उपयोग सही ढंग से नहीं किया। इस कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा।
लखनऊ में धोनी के खेलने पर संशय
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 15 मई को लखनऊ सुपरजायंट्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाले मुकाबले में खेलने को लेकर महेंद्र सिंह धोनी पर संशय बना हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धोनी पूरी तरह फिट है और नेट्स पर अभ्यास कर रहे हैं।
लखनऊ के खिलाफ चेन्नई में रविवार को होने वाले मुकाबले में उनके खेलने की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में अगर धोनी 15 मई को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच खेलने नहीं आते हैं तो प्रदेश के प्रसंशकों को खासी निराशा होगी। इसका असर टिकटों की ब्रिकी पर भी पड़ सकता है। आईपीएल में शुरुआती मुकाबले हारने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने लय वापस पाकर प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी जताई है।
लखनऊ टीम पहुंची, 13 को करेगी अभ्यास
लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम 15 मई चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए सोमवार शाम लखनऊ पहुंच गई है। टीम प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को टीम के खिलाड़ी अभ्यास की जगह आराम को तरजीह देंगे। टीम के 13 मई को इकाना स्टेडियम में अभ्यास करने की जानकारी है। 13 मई को चेन्नई की टीम लखनऊ आएगी और 14 मई को शाम के सत्र में अभ्यास करके तैयारियों को अंतिम रूप देगी।