UP: इंटर कॉलेजों के शिक्षक होंगे नियमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माध्यमिक शिक्षा परिषद के राजकीय व सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में कार्यरत 1766 अतिथि व्यावसायिक शिक्षकों को नियमित किए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री महबूब अली ने प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा मनोज कुमार सिंह को शीघ्र ही कैबिनेट के लिए प्रस्ताव देने को कहा है।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री से सोमवार को सपा विधानपरिषद सदस्य देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में व्यावसायिक शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल मिला था। प्रदेश के राजकीय व सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा के लिए 1989 में 2169 अतिथि व्यावसायिक शिक्षकों को रखा गया है।
व्यावसायिक शिक्षक 35 ट्रेडों में पढ़ाई करा रहे हैं और इन्हें 10,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने व्यावसायिक शिक्षकों की मांग पर गत 14 जुलाई को इन शिक्षकों के विनियमितीकरण का प्रस्ताव पेश करने के निर्देश दिए थे।
2011 के बाद नहीं हुईं ऐसी भर्तियां
इनके शैक्षिक योग्यता और चयन प्रक्रिया का जब परीक्षण किया गया तो इसमें से 403 शिक्षक अयोग्य पाए गए। शेष 1766 व्यावसायिक शिक्षकों के बारे में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शासन को प्रस्ताव भेज रखा है। इसके आधार पर प्रमुख सचिव से कैबिनेट के लिए प्रस्ताव मांगा गया है।
तदर्थ शिक्षकों का भी मांगा गया प्रस्ताव
माध्यमिक शिक्षा मंत्री महबूब अली ने प्रमुख सचिव से सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण के संबंध में भी प्रस्ताव मांगा है।
विधान परिषद सदस्य देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में तदर्थ शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल माध्यमिक शिक्षा मंत्री से मिला। देवेंद्र सिंह ने बताया कि सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में मौजूदा समय करीब 8500 तदर्थ शिक्षक कार्यरत हैं और 2011 के बाद ऐसी भर्तियां नहीं हुई हैं। इसलिए इनके विनियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जानी चाहिए।