अंडर-23 क्रिकेट: कप्तान प्रियम की शतकीय पारी के आगे बांग्लादेश बेदम, भारत का सीरीज पर कब्जा
दूसरे छोर पर विकेटों के पतझड़ के बावजूद प्रियम गर्ग ने अपना धैर्य नहीं खोया और कप्तानी पारी खेलते हुए भारतीय अंडर-23 क्रिकेट टीम को बांग्लादेश पर चार विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। इस शानदार जीत की बदौलत भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 3-1 से निर्णायक बढ़त बना ली।
बांग्लादेश के 202 रन के लक्ष्य को भारत ने 42.2 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल किया। मैच के नायक रहे कप्तान प्रियम गर्ग ने एक छोर पर लंगर डालते हुए 118 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्का जमाते हुए शानदार शतक लगाकर हुए भारत को जीत दिलाई।
टॉस जीतने का फायदा नहीं उठा सकी बांग्लादेशी टीम
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 22 रन के कुल योग पर शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। 55 रन के कुल योग पर टीम को चौथा झटका कप्तान मो. सैफ हसन (27) के रूप में लगा। उन्हें शुभांग ने पगबाधा आउट किया।
मध्यक्रम से मो. अरीफुल हक ने 44, महादुल इस्लाम ने 40 और अली अमीन ने 51 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेलकर टीम के आंकड़े को दो सौ के पार पहुंचाया। इस दौरान भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेशी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने के अधिक मौके नहीं दिए। बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोकर 201 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और अतित सेठ दो-दो विकेट लेने में सफल रहे।
विकेटों के पतन के बीच चमके प्रियम
पिछले रणजी सत्र में यूपी के लिए खेलकर रनों का पहाड़ खड़ा करने वाले प्रियम गर्ग ने वनडे सीरीज के पांचवें मैच में शतकीय पारी खेलकर अपनी सार्थकता साबित की। महज 16 रन पर दो विकेट खोने के बाद भारतीय कप्तान क्रीज पर उतरे और अपनी बेदाग शतकीय पारी से बांग्लादेशी टीम को हार मानने पर विवश कर दिया।
खासतौर पर उन्होंने शरीफुल इस्लाम की खूब खबर ली और चौकों की झड़ी लगा दी। शतकीय पारी के दौरान यूपी के स्टार खिलाड़ी ने कट, पुल हुक और ड्राइव का बेजोड़ प्रदर्शन करते हुए सभी का दिल जीत लिया। पारी के 40वें ओवर में प्रियम ने लांग ऑफ पर पुश करके एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। यह वनडे सीरीज का पहला शतक रहा।
टीम से निचले क्रम पर शुभांग ने 57 गेंदों पर 21 रन की पारी खेलकर प्रियम का सही साथ निभाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। बांग्लादेश की ओर से मेंहदी हसन, तनवीर इस्लाम, शरीफुल इस्लाम और सुमोन खान ने एक-एक विकेट लिया।
संक्षिप्त स्कोर- बांग्लादेश: 50 ओवर में छह विकेट खोकर 201 रन (महादुल इस्लाम नाबाद 51, अरीफुल हक 44 रन, अर्शदीप सिंह 42 पर दो, अतित सेठ 39 पर दो विकेट), भारत 42.2 ओवर में छह विकेट खोकर 202 रन (प्रियम गर्ग नाबाद 111, शुभांग 21 रन, शरीफुल इस्लाम 28 पर एक, मेंहदी हसन 32 पर एक विकेट)