खिचड़ी सरकार बनी तो हर तीन महीने में बदलेगा पीएम का चेहरा : नरेंद्र मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कालेधन व भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से परेशान लोग एक होकर मोदी को हटाने में लगे हुए हैं। कुछ लोग तो मोदी को हटाने के लिए पाकिस्तान से मदद मांगने तक चले गए। महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा, खिचड़ी सरकार बनी तो हर तीन महीने में देश के प्रधानमंत्री का चेहरा बदल जाएगा।
मोदी ने कहा कि बेनामी संपत्ति कानून जो 28 वर्ष से अटका हुआ था। उसे उनकी सरकार ने लागू किया। उन्होंने लोगों से पूछा, ‘इस कानून के चलते जिसका लाखों का बंगला, गाड़ी, जमीन जब्त होगी। वह मुझे छोड़ेगा क्या?’ लोगों ने जवाब दिया, ‘नहीं।’
मोदी ने आगे पूछा, ‘मुझे हटाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा या नहीं?’ लोगों ने कहा, ‘हां।’ मोदी ने कहा, हम गरीबों के साथ खड़े हैं। अन्याय के खिलाफ खड़े हैं। डरने वाले नहीं हैं। पान की गुमटी जितनी जगह में सौ-सौ कंपनियां चलाते थे।
यह कंपनियां काले धन की मशीन थी। मोदी ने इस काले धन की टंकी की टोटी ही सील कर दी। इसलिए ये लोग मोदी हटाओ अभियान में जुटे हैं। बाराबंकी की सभा में उन्होंने पार्टी उम्मीदवार उपेन्द्र रावत, मोहनलालगंज सीट के उम्मीदवार कौशल किशोर और रायबरेली सीट के प्रत्याशी दिनेश सिंह के लिए वोट मांगे। सभा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा भी थे।
पांच एकड़ की बाध्यता खत्म होगी
पीएम किसान सम्मान निधि पर कहा, 23 मई को परिणाम आने के बाद पांच एकड़ खेती की जमीन होने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं थी तो देश की बड़ी आबादी के पास न तो सुविधाजनक पक्के घर थे और न घरों में बिजली।
गैस, शौचालय व बैंक खाते तक नहीं थे। बैंकों से कर्ज लेना मुश्किल था। सरकार ने 34 हजार करोड़ से अधिक जन धन खाते खुलवाकर मुद्रा योजना के तहत गरीबों को रोजगार के लिए तिजोरी खोल दी। दिव्यांगों के लिए आरक्षण में वृद्धि की गई। दफ्तरों में उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
आतंक पर खतरा टला है मिटा नहीं
प्रधानमंत्री ने जनता का आह्वान किया कि उनकी पांच साल की सरकार की नीतियों और कड़े फैसलों से आतंकियों के हौसले पस्त हुए हैं। आतंकी घटनाओं में कमी आई है। पर, आतंक का खतरा अभी टला है, पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
भ्रष्टाचार, आतंक, घोटालों और गरीबों का हक मारने वालों के खिलाफ जिस तरह कार्रवाई की, उससे ये घबरा गए और अब एक होकर मोदी को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। पर, जनता ने एक बार फिर मोदी सरकार का संकल्प ले लिया है। कहा कि इनमें किसी ने कभी राष्ट्र की सुरक्षा को लेकर कोई काम नहीं किया।
कार्यकर्ता रहें सावधान
पीएम ने कहा, कार्यकर्ता जीत के अतिविश्वास और अति उत्साह में न फंसें। विपक्ष की साजिश सफल न होने दें। विपक्ष की जमानत बचाना हमारी जिम्मेदारी नहीं है। उन्होंने कहा, अब तक हुए चार चरणों के चुनाव के रुझान से साफ हो गया है कि भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है।
विपक्षियों के चेहरे लटके हुए हैं। विपक्ष को जमानत बचाने की जद्दोजहद से जूझना पड़ रहा है। इसलिए उनकी तरफ से अफवाह फैलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को आलसी बनाने की कोशिश की जा रही है। कहा जा रहा है कि जीत रहे ही हो, इसलिए कहीं आने-जाने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि गठबंधन करने वाले महामिलावटी नेता भ्रम फैलाकर 2014 के पहले वाली स्थिति बनाना चाहतें हैं ताकि भाजपा के लोग गफलत में आ जाएं और वे सरकार बना लें। इनके घोटालों का खेल फिर शुरू हो जाए। कार्यकर्ता इससे सावधान रहें।