लड़के वालों के कहने पर खर्च कर दिए पौने चार लाख, फिर दहेज में कार न देने पर तोड़ी शादी, केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के हसनगंज कोतवाली में जानकीपुरम निवासी अमरेंद्र सिंह ने दहेज में कार न देने पर निरालानगर के अनुराग सिंह और उसके परिवारीजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अमरेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी अनुराग से तय की थी।
शुरुआती कार्यक्रम व रस्मों में उन्होंने करीब पौने चार लाख रुपये खर्च किए। बाद में अनुराग के माता-पिता ने दहेज में कार व नकदी की मांग रख दी। असमर्थता जताने पर उन्होंने शादी तोड़ दी। इससे पूरा परिवार तनाव में है।
सीओ महानगर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जानकीपुरम विस्तार निवासी अमरेंद्र सिंह ने बेटी का रिश्ता अनुराग सिंह से तय किया था। एक फरवरी को अनुराग, उसके पिता संजीत कुमार उर्फ अनिल दादा, मां रजनी उर्फ मधु सिंह, बहन कुमारी वैभवी सिंह ने घर आकर रिश्ता पक्का किया था।
18 फरवरी को वरीक्षा में वर पक्ष को 1.51 लाख नकद, चांदी की प्लेट और परिवार के सभी सदस्यों के लिए कपड़े, फल व मिठाई दिए थे। 28 फरवरी को रजनी सिंह ने फोन करके घर बुलाया और आने वाली बहू के लिए अलग कमरा बनवाने के नाम पर एक लाख रुपये लिए। इसके बाद उन्होंने तिलक शादी समारोह के लिए अच्छा गेस्टहाउस बुक कराने को कहा।
लड़के की मां को दिलाए 50 हजार रुपये के कपड़े
अमरेंद्र के मुताबिक उन्होंने निरालानगर में ही गेस्टहाउस व होटल बुक कराया और 20 हजार रुपये जमा किए। 23 मार्च को अनुराग के परिवारीजनों के कहने पर उन्होंने अमीनाबाद के गाढ़ा भंडार से रजनी सिंह को उनकी पसंद के 50 हजार रुपये के कपड़े दिलाए।
अनुराग के परिवारीजनों का कहना था कि वह दहेज में कोई सामान नहीं लेंगे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी नियत में खोट आ गया। उन्होंने दहेज में कार और होने वाली बहू के लिए एलईडी टीवी, एसी, डबल बेड, सोफा सेट व नकद राशि की मांग रख दी। असमर्थता जताने पर अनुराग के माता-पिता ने सात अप्रैल को शादी तोड़ दी।
मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
अमरेंद्र ने विभिन्न कार्यक्रम और खरीदारी में खर्च रुपये मांगे तो संजीत कुमार सिंह उर्फ अनिल दादा व रजनी उर्फ मधु सिंह धमकाने लगे। वैभवी ने खुद को एलआईयू में दरोगा बताते हुए मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।
अमरेंद्र का कहना है कि अनुराग व उसके माता-पिता और बहन ने शादी के नाम पर करीब पौने चार लाख रुपये के सामान की ठगी की है। सीओ ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। हसनगंज कोतवाली की पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं।