जानें, अब नाइक के निशाने पर कौन?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यपाल एवं कुलाधिपति राम नाईक ने विश्वविद्यालयों से अभी तक अघोषित परीक्षा परिणामों और नए सत्र में प्रवेश का ब्योरा तलब किया है।
राज्यपाल ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र भेजकर उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने सभी विश्वविद्यालयों को समान पाठ्यक्रम तैयार करने पर विचार करने का सुझाव भी दिया है।
परीक्षाओं के लिए दिये निर्देश
कुलपतियों को भेजे गए पत्र में राज्यपाल ने 31 जुलाई 2014 के बाद अघोषित परीक्षा परिणामों तथा नए सत्र में प्रवेश का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा है कि परीक्षाएं समय से हों तथा परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किया जाय।
राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह भी निर्धारित समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार के पास विश्वविद्यालयों में नियुक्ति या वित्तीय अनुमोदन से संबंधित जो मांगे लंबिंत हैं उन पर भी विचार किया जाएगा।
जिन विश्वविद्यालयों में कार्यवाहक कुलपति काम कर रहे हैं, उनमें शीघ्र ही नियमित कुलपति नियुक्त किए जाएंगे जिससे वहां का शैक्षिक वातावरण और सुदृढ़ हो सके।
बतानी होंगी हर महीने की उपलब्धियां
राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद नाईक ने प्रदेश के सभी 24 कुलपतियों व निदेशक से भेंट कर विचार-विमर्श किया।
कुलपतियों ने विश्वविद्यालयों व संस्थान की प्रमुख गतिविधियों एवं महत्वपूर्ण उपलब्धियों तथा मुख्य समस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराया।
कुलाधिपति ने कहा है कि विश्वविद्यालयों द्वारा कुलाधिपति कार्यालय में प्रगति रिपोर्ट के स्थान पर प्रत्येक माह की महत्वपूर्ण उपलब्धियां तथा अगले माह प्रस्तावित गतिविधियों को शामिल करते हुए हर महीने की 10 तारीख तक रिपोर्ट भेजने को कहा है।
इस तरह काम करने के दिए निर्देश
नाईक ने यह भी कहा है कि सभी कुलपति अपने विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं को दो वर्गो में विभाजित करें।
एक वह जो उत्तर प्रदेश शासन से संबंधित हो तथा दूसरा वह बिंदु जो कुलाधिपति सचिवालय से संबंधित हो। इस पर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए ताकि प्रकरणों का जल्द निस्तारण कराया जा सके।
शासन ने बुलाई कुलपतियों की बैठक
शासन ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक बुलाई है। उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव नीरज गुप्ता की अध्यक्षता में बापू भवन में बैठक होगी।
विशेष सचिव उच्च शिक्षा मुरली मनोहर लाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में पूर्व में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुए कुलपतियों के सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।