पारिकर ने खोली केजरीवाल 'नौटंकी' की पोल!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोआ के मुख्यमंत्री और मनोहर पारिकर ने दिल्ली के सीएम केजरीवाल पर निशाना साधते हुए बताया है कि कैसे चलती है सफल सरकार। उन्होंने बातों-बातों में केजरीवाल की नौटंकी की पोल भी खोल दी।
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पारिकर ने कहा कि सादगी जिंदगी को जीने का एक तरीका है, इससे सरकार चलाने के लिए मजबूती नहीं आती। इसके लिए प्रशासनिक क्षमता चाहिए।
सिर्फ लोकपाल लाने से भ्रष्टाचार नहीं मिटेगा, इसके लिए सामाजिक परिवर्तन की जरूरत है।
पारिकर ने केजरीवाल की तरफ इशारा करते हुए कहा, दिल्ली के दोस्त को ध्यान देना होगा कि देश में महात्मा गांधी और कई महान संत हुए हैं जो शक्ति संपन्न होते हुए भी सादगी का जीवन जीते थे।
वह खुद कभी स्कूटर, कभी निजी गाड़ी और कभी सरकारी गाड़ी से काम पर जाते हैं। उनके लिए ये सभी आफिस जाने के साधन हैं, साध्य नहीं। इनसे उनकी कार्यक्षमता नहीं बढ़ जाती।
जिसे चोर कहते थे, उसे ही सौंप रहे जांच
पारिकर ने कहा, सरकार में ब्यूरोक्रेसी को साथ लेकर चलना पड़ता है। दिल्ली में एक तरफ ब्यूरोक्रेसी है और दूसरी तरफ सरकार। जिस विजिलेंस को केजरीवाल कल तक चोर कहते थे, उसे अब जांच सौंप रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव तक केजरीवाल की नौटंकी जारी रहेगी। सौ दिन में वह सौ ब्रेकिंग न्यूज देंगे। उन्हें अंबानी, देवड़ा, मोइली और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करानी थी तो एजेंसी को दस्तावेज देते लेकिन वह तो अखबारों और टीवी चैनलों के जरिये प्रसिद्धि बटोरना चाहते हैं?
उन्हें हैरानी हुई कि जिस ‘आप’ के हर कार्यक्रम के अंत में भारत माता की जय बोली जाती है, इसी पार्टी के नेता प्रशांत भूषण कश्मीर में जनमत संग्रह की बात करते हैं।
देश की इंच भर भूमि छोड़ देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने तंज कसा कि वह गोवा में मनोरंजन कर माफ करना चाहते थे लेकिन दिल्ली वाले भाग्यशाली हैं क्योंकि उनके मनोरंजन के लिए केजरीवाल जो हैं।
लोकपाल से खत्म नहीं होगा भ्रष्टाचार
केजरीवाल पर निशाना साधते हुए मनोहर पारिकर ने कहा कि केवल लोकपाल लाने से भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो जाएगा। लोकपाल ही भ्रष्ट हो जाएगा तो क्या करेंगे?
ब्यूरोक्रेसी भ्रष्ट है तो भ्रष्टतम लोगों को जेल भेजो, 8-10 पर डंडा चलाओ। बाकी को प्रोत्साहित करके काम लो। ब्यूरोक्रेसी से काम लेना स्किल है। कहा, ब्यूरोक्रेसी का चरित्र पानी जैसा होता है।
जिस तरह पानी का कोई आकार, रंग, गंध और स्वाद नहीं होता, जिस बर्तन में उसे रखा जाए, उसी का आकार ग्रहण कर लेता है।
इसी प्रकार ब्यूरोक्रेसी उसी के रंग में रंग जाती है जिसकी सरकार होती है। सभी को भ्रष्ट बताकर किसी सेक्टर में सुधार होने वाला नहीं है।
नरेंद्र मोदी की तारीफ में बांधे पुल
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पारिकर ने मंगलवार को प्रदेश की अखिलेश सरकार और आम आदमी पार्टी, खासकर अरविंद केजरीवाल पर तीखे हमले किए।
साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में फ्रैंड्स आफ बीजेपी के बुद्धिजीवी सम्मेलन में उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए नरेन्द्र मोदी ही एकमात्र रास्ता हैं।
भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने और मोदी के प्रधानमंत्री बनाने से विकास, रोजगार और देश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
उन्होंने यूपी के लोगों से सपा-बसपा को छोड़ने और भाजपा को लोकसभा की 50 से ज्यादा सीटें देने का आह्वान किया।
अखिलेश सरकार पर जमकर बरसे
मनोहर पारिकर ने प्रदेश सरकार पर जनता के धन को लूटने का आरोप लगाया। कहा कि इस लूट का पैसा उसी तरह नेताओं के पास जा रहा है जैसे किसी टैंक में लगे पाइप से पानी घरों तक पहुंचता है।
पारिकर ने कहा, खनन उद्योग बंद होने से गोवा का राजस्व 25 फीसदी घट गया। इसके बावजूद उन्होंने दो अप्रैल 2012 को पेट्रोल के दाम 12 रुपये प्रति लीटर कम किए। तब पेट्रोल का भाव 56 रुपये था और अब 59 रुपये प्रति लीटर है। यूपी में पेट्रोल 79 रुपये लीटर है।
बताने की जरूरत नहीं कि यूपी सरकार पेट्रोल में कितनी लूट कर रही है। जिस तरह पानी की टंकी में यदि छेद हो तो उसे भरा नहीं जा सकता, वही स्थिति यूपी की है। यहां टैक्स के रूप में सरकार के खजाने (टंकी) में कितना भी धन भर दो यह भरने वाला नहीं है।
यहां खजाने की टंकी का छेद पाइप लाइन से जुड़ा है जो अखिलेश और मुलायम सिंह तक जा रही है। उन्होंने कहा, लूटने वालों को सत्ता मत दो। हमने गोवा में नेताओं तक जा रही धन की पाइप लाइन पर वाल्व लगा दिया।
बताया, कैसे बेस्ट राज्य है गोआ
पारिकर ने कहा, गोवा ने 12 फीसदी जीडीपी का लक्ष्य प्राप्त किया। इसे फिर बेस्ट राज्य घोषित किया गया। वहां 30 फीसदी अल्पसंख्यक आबादी है। इसके बावजूद भाजपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई।
पारिकर ने बताया कि उनके 21 विधायकों में छह अल्पसंख्यक हैं। हम वहां जाति धर्म से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चले। ओबीसी और एससी-एसटी को लाभ के साथ ही जाति, धर्म से ऊपर उठकर योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि 18 साल की हर लड़की के बैंक अकाउंट में एक लाख रुपया जमा करा दिया जाता है। तीन लाख से कम आय वालों को प्रति माह एक हजार रुपया महंगाई भत्ता दिया जाता है।
विधवा और पेंशन लाभ से वंचित महिलाओं को ढाई से तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। देश बचाने के लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा। इसके लिए यूपी की जवाबदेही ज्यादा है, हमें 50 से ज्यादा सीटें दीजिए।
भाजपा नेताओं ने की चरण वंदना
भाजपा नेताओं ने मनोहर पारिकर की जमकर ब्रांडिंग की। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद लालजी टंडन, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक मनोज अरोड़ा, मावाधिकार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक सुधीर अग्रवाल, भाजपा के सहप्रभारी रामेश्वर चौरसिया, पुष्पेन्द्र चंदेल आदि ने उनके रहन-सहन की लेकर ड्रेसिंग तक में सादगी का जिक्र किया।
सभी भाजपा नेताओं ने उनकी प्रशासनिक क्षमता की सराहना की। यह भी कहा कि पारिकर आईआईटी पास आउट पहले मुख्यमंत्री हैं।
पर कांग्रेस ने बोला हमला
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं चेयरमैन कम्युनिकेशन विभाग सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पारिकर शायद यह भूल गये हैं कि गोवा मुक्ति आंदोलन में उत्तर प्रदेश के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी आज देश भर में समाज को बांटने का कार्य कर रहे हैं। त्रिपाठी ने कहा कि तीसरे मोर्चे की सरकार बनने की दूर-दूर तक संभावना नहीं है।