गायत्री पर गैंगस्टर लगाने की तैयारी, जब्त होंगी संपत्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर गैंगस्टर लगाने की तैयारी हो रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गायत्री की राजधानी में गोसाईंगंज के अलावा अमेठी और हमीरपुर में करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर लिया गया है।
गैंगस्टर की कार्रवाई होते ही ये संपत्तियां जब्त कर ली जाएंगी। इसके अलावा उसे भूमाफिया की सूची में भी शामिल किया जाएगा।
सपा सरकार में मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले गायत्री प्रसाद प्रजाति पर अवैध खनन के जरिये करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति जुटाने का आरोप है।
गोसाईंगंज में उसने बेशकीमती जमीन पर कब्जा करके प्लाटिंग व अपार्टमेंट का निर्माण कराया है तो अमेठी, हमीरपुर, कानपुर, नोएडा सहित कई जिलों में जमीनें खरीदीं। अकूत संपत्तियां जुटाने पर आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर ने गायत्री की लोकायुक्त से शिकायत की लेकिन सत्ता के रसूख के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। चित्रकूट की महिला से गैंगरेप और उसकी बेटी से यौन शोषण के मामले में फंसने के बाद गायत्री की दिक्कतें शुरू हुईं।
सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाने पर दर्ज हुई एफआईआर
हालांकि, पुलिस ने महिला की शिकायत को नजरअंदाज कर दिया था। पीड़िता ने जब सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई तब गौतमपल्ली थाना में एफआईआर दर्ज की गई। इसी बीच सत्ता परिवर्तन होते ही गायत्री के बुरे दिन शुरू हो गए।
गैंगरेप और यौन शोषण मामले में गायत्री व उसके छह साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही अवैध संपत्तियों की जांच में भी तेजी आ गई। हालांकि, जेल में रहते हुए भी गायत्री ने जुगाड़ करके अपनी जमानत करा ली।
पुलिस ने अब उसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसके तहत गायत्री का गैंग रजिस्टर्ड करने के साथ ही उसे भूमाफिया की सूची में शामिल करने की कवायद शुरू हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, गायत्री के साथ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट में आरोपी छह सहयोगियों के अलावा अन्य लोगों को भी उसके गैंग का सदस्य बनाया जाएगा। डीआईजी रेंज प्रवीण कुमार का कहना है कि गायत्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए उस पर दर्ज मुकदमों और उसकी संपत्तियों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।
तीन थानों में दर्ज हैं चार मुकदमे
गायत्री के खिलाफ गौतमपल्ली, गोमतीनगर और आशियाना थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं। गौतमपल्ली में चित्रकूट की महिला की तरफ से गैंगरेप और बेटी के यौन शोषण पर पॉक्सो एक्ट के अलावा मेरठ के परतापुर निवासी राकेश प्रजापति से नौकरी के नाम पर 12 लाख रुपये ठगने की रिपोर्ट है।
गोमतीनगर में पुलिस अफसर अमिताभ ठाकुर को रेप के फर्जी मामले में फंसाने का मुकदमा है।
चित्रकूट की रेप पीड़िता ने गोमतीनगर में ही गायत्री के गुर्गों के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस गायत्री को भी नामजद करने की कार्रवाई कर रही है।