कल्याण सिंह का निधन: उत्तर प्रदेश में तीन दिन का शोक, 23 अगस्त को अवकाश
अस्पताल ने बताया कि उन्हें क्रिटिकल केयर आईसीयू में रखा गया था। संस्थान के क्रिटिकल केयर, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, इंडोक्राइनोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के प्रोफेसरों की टीम उनके इलाज में लगी हुई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वो बीते चार जुलाई से अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने बताया कि सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हुआ है। वह 89 वर्ष के थे।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को शाम नरौरा में गंगा नदी के तट पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक और 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ही अपना गोरखपुर दौरा रद्द करके उनका हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल ने बताया कि उन्हें क्रिटिकल केयर आईसीयू में रखा गया था। संस्थान के क्रिटिकल केयर, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, इंडोक्राइनोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के प्रोफेसरों की टीम उनके इलाज में लगी हुई थी। वह कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे।
एसजीपीजीआई में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि कल्याण की पार्थिव देह को रविवार को अलीगढ़ लेकर जाया जाएगा। अलीगढ़ स्टेडियम में उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। 23 अगस्त को उनकी देह को अतरौली में लेकर जाएंगे, वहां उनके समर्थक और आम जन अंतिम दर्शन कर पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे। 23 अगस्त की शाम नरौरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें इसलिए 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
अलीगढ़ स्टेडियम में रखी जाएगी पार्थिव देह
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि कल्याण की पार्थिव देह को रविवार को अलीगढ़ लेकर जाया जाएगा। अलीगढ़ स्टेडियम में उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। 23 अगस्त को उनकी देह को अतरौली में लेकर जाएंगे, वहां उनके समर्थक और आम जन अंतिम दर्शन कर पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे। 23 अगस्त की शाम नरौरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने यूपी के विकास को जो सपना देखा था उसे अवश्य पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
कल्याण सिंह का निधन राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए इसे राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता व जनसेवा के पर्याय, अप्रतिम संगठनकर्ता और मुख्यमंत्री के रूप में उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन में उनकी भूमिका अग्रणी थी और राम मंदिर निर्माण को लेकर उनका अटूट विश्वास था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने समाज के गरीब, कमजोर, शोषित और वंचित वर्ग के लिए जीवन पर्यंत संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञ के रूप में उनकी उपलब्धियां सभी के लिए प्रेरणादायी है। कल्याण सिंह के निधन से भारतीय राजनीति में कमी को न भरा जा सकने वाला बड़ा शून्य पैदा हो गया है।
‘आने वाली पीढ़ियां कल्याण के सांस्कृतिक पुनरुत्थान को लेकर दिए गए योगदान के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने हासिये के करोड़ों व्यक्तियों के उत्थान के लिए न सिर्फ काम किया, बल्कि उनकी आवाज भी बने। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनगिनत काम व प्रयास किए।
- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
भाजपा और देश के रामभक्त लोग कल्याण सिंह को सदैव याद रखेंगे। वह भाजपा के कद्दावर नेता थे। पिछड़े वर्गों को पार्टी से जोड़ने में उनका बहुत योगदान था। राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका सर्वविदित है।
-गोविंदाचार्य, पूर्व भाजपा नेता
मेरे ज्येष्ठ सहयोगी व उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान केपूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की मृत्यु से उप्र की अपूरणीय क्षति हुई है। लड़ाकू कद्दावर जननेता के रूप में स्व. कल्याण सिंह हमेशा याद रहेंगे। उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।
-राम नाईक, पूर्व राज्यपाल उप्र
पूर्व मुख्यमंत्री का निधन दुखद है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।
राम गोविंद चौधरी, नेता प्रतिपक्ष सपा
ईश्वर से प्राथना है कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की आत्मा को शांति दें। दुखी परिजनों को सहन शक्ति प्रदान करें।
- नरेश उत्तम पटेल, प्रदेश अध्यक्ष, सपा
बाबू कल्याण सिंह का देहावसान भारतीय समाज की अपूरणीय क्षति है। वह इतिहास पुरुष के रूप में याद किए जाएंगे। उनकी राजनीतिक जीवन अनुकरणीय है।
चंपत राय, महासचिव श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र
लल्लू ने कल्याण सिंह के निधन पर व्यक्त किया गहरा दुख
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हम दुखी पारिवारिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त करते हैं। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को दुख के इस पहाड़ को सहन करने की शक्ति दे। इसके अलावा राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, रोहित चौधरी, विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता नेता दीपक सिंह, प्रदेश कांग्रेस मीडिया के चेयरमैन और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’, मीडिया विभाग के संयोजक अशोक सिंह व ओंकार नाथ सिंह ने भी दुख व्यक्त किया।
इन्होंने भी जताया शोक
केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री महेन्द्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल, ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह मोती सिंह, प्राविधिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, भाजपा के महामंत्री संगठन सुनील बंसल, गोविंद शुक्ला, जेपीएस राठौर, सुब्रत पाठक, अमरपाल मौर्य, अनूप गुप्ता, प्रवक्ता समीर सिंह, हीरो बाजपेयी, राकेश त्रिपाठी, हरीश चंद्र श्रीवास्तव, मनीष दीक्षित ने भी शोक जताया है।