'मुलायम मेरे हीरो व मुसलमानों के सच्चे हितैषी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड व मिजोरम के राज्यपाल रह चुके अजीज कुरैशी कहते हैं कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव उनके हीरो हैं। मुलायम ने मुख्यमंत्री रहते हुए जिस तरह से बाबरी मस्जिद को बचाने के लिए अपने ही धर्म के लोगों पर गोलियां चलवाईं, उसे कोई भी मुसलमान भूल नहीं सकता।
यही कारण है कि नेहरू-गांधी खानदान के बाद वे मुलायम का ही सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम व आजम खां ही मुसलमानों के सच्चे हितैषी और सपा की असली ताकत हैं।
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि वे विचारधारा से तो कांग्रेसी हैं, लेकिन उनका दिल मुलायम के साथ है। कुरैशी पिछले कई दिनों से लखनऊ में हैं। वे घुटनों का इलाज कराने आए हैं।
उन्होंने बताया कि आजम खां ही अपने किसी जानकार डॉक्टर से वैक्स व एक्यूपंक्चर थैरेपी से उनका इलाज करा रहे हैं। वीवीआईपी गेस्ट हाउस में रुके अजीज कुरैशी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कई मसलों पर अपनी बेबाक राय रखी।
धर्म निरपेक्षता को नुकसान पहुंचाने के लिए यूपी आ रही एमआईएम
कुरैशी ने मजलिस-ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) पर निशाना साधते हुए कहा कि बाहर से जो लोग यूपी में आकर मुसलमानों को बहका रहे हैं, वे धर्म निरपेक्ष ताकतों की नींव कमजोर करने और सांप्रदायिक ताकतों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। ये सोशल मीडिया के जरिये युवाओं में जहर भर रहे हैं। ऐसी ताकतों से यूपी के मुसलमानों को भी सचेत रहना होगा।
कांग्रेस में पूंजीपतियों का जमावड़ा
कुरैशी ने कहा कि कांग्रेस कोई पार्टी नहीं, बल्कि विचारधारा व आंदोलन थी लेकिन आज इसमें पूंजीपतियों का जमावड़ा है। मौकापरस्त लोग आगे आ गए हैं। इससे पार्टी को काफी नुकसान हो रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि वे कांग्रेसी हैं और कांग्रेसी ही रहेंगे। वे चाहते हैं कि यूपी में कांग्रेस मजबूत हो। इसके लिए पार्टी को यदि उनकी जरूरत हुई तो वे तैयार हैं।
अल्पसंख्यकों के छोटे-छोटे मसलों पर ध्यान दे सरकार
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि वक्फ की जमीनों, कब्रिस्तानों पर कब्जे हो रहे हैं। अल्पसंख्यकों के इनछोटे-छोटे मसलों पर यूपी सरकार यदि समय रहते ध्यान दे तो कभी स्थिति न बिगड़े। सूबे में कानून-व्यवस्था के हालात पर खुद मुलायम को ध्यान देना चाहिए।
सपा नहीं करूंगा जॉइन
कुरैशी ने कहा कि वे सपा जॉइन नहीं करेंगे। सपा की ओर से राज्यसभा में भेजे जाने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर वे चुप्पी साध गए। बस इतना कहा कि अभी यूपी में राज्यसभा की कोई सीट खाली नहीं होने जा रही है।
बिहार की तरह राष्ट्रीय स्तर पर बने धर्म निरपेक्ष फ्रंट
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि बिहार की तरह राष्ट्रीय स्तर पर भी धर्म निरपेक्ष फ्रंट बनना चाहिए। इसकी कमान सोनिया गांधी को सौंप देनी चाहिए क्योंकि वे खुद प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। मुल्क के धर्म निरपेक्ष स्वभाव को बचाने के लिए यह बहुत जरूरी है। ऐसा नहीं हुआ तो देश में फासीवाद कायम हो जाएगा।