पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर मिलेंगे फ्लैट, देखें समाजवादी स्कीम के फायदे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी आवास खरीदने वालों को आवास विकास परिषद विशेष सुविधाएं देने जा रहा है। इसमें जहां रिक्त करीब 600 फ्लैट में अपना यूनिट खुद चुनने का विकल्प मिलेगा। वहीं अवध विहार योजना में बन रहे सरयू एन्क्लेव में अब 1-बीएचके फ्लैट की जगह मांग के अनुरूप 2-बीएचके फ्लैट का निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए आवास विकास परिषद को अतिरिक्त 105 करोड़ रुपये खर्च की अनुमति भी बोर्ड से मिल गई है। मंगलवार को परिषद की बोर्ड बैठक में इसके लिए फैसला लिया गया।
आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि लखनऊ में करीब 6,000 समाजवादी आवास का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से करीब 10 प्रतिशत यानी 600 फ्लैट अभी खाली हैं, जिनका आवंटन नहीं किया गया है।
प्रमुख सचिव आवास सदाकांत ने बोर्ड के सामने इन फ्लैट की बुकिंग के लिए पूरे समय आवेदन खुले रखने के लिए कहा। इस पर बोर्ड ने अपनी सहमति देते हुए इसमें फ्लैट नंबर और फ्लोर भी चुनने का विकल्प खरीदार को देने के लिए कहा है।
ऑनलाइन होगी बिक्री
इससे शेष आवास को भी बेचने में आसानी होगी। इसी माह अभी तक आए आवेदनों की लॉटरी करके उन्हें फ्लैट संख्या आवंटित हो जाएगी। इसके बाद बचे फ्लैटों की संख्या को अक्तूबर माह से फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व आधार पर बिक्री के लिए ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
आवास आयुक्त ने बताया कि इसके साथ ही बोर्ड ने सरयू एन्क्लेव, अवध विहार योजना में 1-बीएचके की जगह 2-बीएचके के साइज के फ्लैट का निर्माण करने को अनुमति दे दी है।
इसके लिए 105.20 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भी स्वीकृत हो गया है। यहां समाजवादी आवासीय योजना में 1960 और स्ववित्त पोषित योजना में 680 यानी 2640 यूनिट का निर्माण होना है।