पैरेंट्स के साथ स्कूल से निकले छात्र पर हमला, दोनों पक्षों में हुई फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चौक के मुर्तजा हुसैन रोड स्थित ब्रेंस कान्वेंट कॉलेज के बाहर शुक्रवार दोपहर छात्र और बाहरी लड़के भिड़ गए। भीड़भरी सड़क पर बेल्ट और लोहे की रॉड से दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। बाहरी लड़कों ने पिस्टल और तमंचे निकालकर फायरिंग की तो जवाब में छात्रों ने भी गोलियां चलाईं। मारपीट और फायरिंग से भगदड़ मच गई।
पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक दोनों पक्ष भाग निकले। स्कूल प्रबंधक आसिया निसार ने अज्ञात लड़कों के खिलाफ छात्रों को पीटने और फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौक क्षेत्राधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी का कहना है कि पुलिस को स्कूल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में छात्र व बाहरी लड़के नजर आए हैं। इनकी पहचान की जा रही है। झगड़ा क्यों हुआ? यह भी पता लगाया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्र बाहर निकले तो गेट के पास ही 12-15 बाहरी लड़कों ने रोककर झगड़ा शुरू कर दिया। बाहरी लड़के कक्षा नौ व कक्षा 12 के कुछ छात्रों को खींचकर कटरा अबू तालाब वाली गली में ले गए।
गाली-गलौज और मारपीट होते देख स्कूल के अन्य छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। कई छात्र भी बदमाश लड़कों के पीछे-पीछे कटरा अबू तालाब वाली गली पहुंच गए। वहां दोनों गुटों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, फिर लात-घूंसे चलने लगे। बेल्ट और लोहे की रॉड से छात्रों और बाहरी लड़कों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
छात्रों को भारी पड़ता देख बाहरी लड़कों ने पिस्टल व तमंचे निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में छात्रों ने भी गोलियां चलाईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि छह-सात राउंड फायरिंग हुई जिससे गली में दहशत फैल गई।
मारपीट के दौरान गली में कन्फेक्शनरी की दुकान करने वाले सुहैल के मर्तबान टूट गए। आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो छात्र और बाहरी लड़के धमकी देते हुए भाग निकले। मारपीट की खबर मिलते ही कई छात्र के परिवारीजन स्कूल पहुंच गए। पुलिस को मौके से खोखे मिले हैं।
तीन दिन से चल रही थी तनातनी, आज होना था समझौता
स्कूल के आसपास के लोगों ने बताया कि स्कूल में कक्षा नौ व कक्षा 12 के दो छात्र गुटों के बीच बीते तीन दिन से तनातनी चल रही थी। एक गुट चिकमंडी और सिटी स्टेशन के छात्रों का है तो दूसरा गुट बिल्लौचपुरा व अकबरी गेट का है।
छात्रों के बीच किस बात को लेकर तनातनी थी, इस बारे में किसी को जानकारी नहीं है। लोगों ने इतना जरूर बताया कि शुक्रवार को छात्रों के बीच समझौता होना था। छात्रों के एक गुट ने बाहरी लड़के बुलवाए थे। आपस में बातचीत के दौरान ही बाहरी लड़कों ने दूसरे पक्ष के छात्र को थप्पड़ मार दिया जिसके बाद उपद्रव शुरू हो गया। जिन लड़कों के बीच झगड़ा हुआ था, उनमें से एक पार्षद के करीबी बताए जा रहे हैं।
मारपीट-फायरिंग में शामिल छात्रों का होगा निष्कासन
प्रबंधक आसिया निसार ने कहा कि मारपीट और फायरिंग में शामिल छात्रों को स्कूल से निष्कासित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शनिवार को सभी छात्रों की उपस्थिति पंजिका जांची जाएगी। जो छात्र स्कूल नहीं आए होंगे, उनके परिवारीजनों से संपर्क किया जाएगा।
इस बीच स्कूल पहुंची पुलिस ने कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों की सूची बनाकर सबसे फोन पर बात की। छात्रों से उनकी लोकेशन पूछने के साथ ही उनके परिवारीजनों से बातचीत करके स्कूल में हुई मारपीट व फायरिंग की जानकारी दी गई।