आईनॉक्स के जीरो डिग्री में लगी आग, तीसरे फ्लोर पर मची भगदड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोमतीनगर में आई-नॉक्स मॉल की तीसरी मंजिल पर जीरो डिग्री डिस्कोथेक में लगे एसी प्लांट का आउटडोर कंप्रेशर धमाके के साथ फट गया। इसके बाद आग की लपटें निकलने लगीं और भगदड़ मच गई। मॉल के कर्मचारियों व फायर ब्रिगेड की टीम ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, छह महीने पहले मॉल के अधिकारियों को नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।
एसओ गोमतीनगर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि दोपहर लगभग दो बजे शॉर्ट-सर्किट से आग लगी थी। इस दौरान तीसरे तल पर बॉर्बीक्यू नेशन रेस्टोरेंट, जीरो डिग्री डिस्कोथेक और रॉयल कैफे में दर्जनों लोग थे।
जीरो डिग्री समेत पूरे फ्लोर पर धुआं भरने लगा तो मॉल के कर्मचारियों ने तीसरे तल की बिजली काट दी। इससे वहां अंधेरा हो गया और लिफ्ट भी बंद हो गई। मॉल के कर्मचारियों ने सभी लोगों को सीढ़ियों से नीचे उतारा। कर्मचारियों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। इस बीच दमकलकर्मी भी वहां पहुंच गए।
आग से जले बिजली के वॉयर
एफएसओ शेषनाथ यादव ने बताया कि डिस्कोथेक में एसी का पिछला हिस्सा गैलरी की ओर है। इससे आग पर जल्दी काबू पा लिया गया। जीरो डिग्री के मालिक, अनुराग यादव के मुताबिक, आग से बिजली के वायर जले हैं और दीवारों पर कार्बन जम गया है। करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्लास्टिक और थर्माकोल ने बढ़ाई समस्या
प्लास्टिक व थर्माकोल सुलगने से अग्निशमन कर्मचारियों को समस्या का सामना करना पड़ा। इसकी वजह से आग तेजी से फैल रही थी। आईनॉक्स के तीसरे तल पर आग की लपटें देखकर बगल में स्थित होटल रेनेसां में भी हड़कंप मच गया।
फिल्म देख रहे लोगों को भी निकाला बाहर
हादसे के समय समय तीन अलग-अलग स्क्रीन पर फिल्में चल रही थीं। मॉल के कर्मचारियों ने लोगों को बाहर निकाला। उन्हें जैसे ही पता चला कि तीसरे फ्लोर पर आग लगी है तो वह काफी डर गये। बच्चे रोने लगे और महिलाएं चीखनें लगीं।
नहीं बजा फायर अलार्म
जीरो डिग्री में धुएं भर जाने के बाद भी वहां न तो फायर एलार्म बजे और न ही अन्य उपकरण सही तरीके से काम कर रहे थे। मॉल के अधिकारियों का कहना था कि मॉल में लगे कुछ अलार्म खराब हो गए हैं।
सुरक्षा मानक पूरे नहीं, अग्निशमन विभाग भेज चुका है नोटिस
आईनॉक्स में हादसे के दौरान लोगों की जान बचाने के सुरक्षा मानक पूरे नहीं है। वहां न तो फायर मैन स्विच युक्त लिफ्ट है और न ही आपातकालीन परिस्थितियों में बाहर निकलने के लिए रास्ता। धुआं भर जाने की स्थिति में जीने से उतरना मुश्किल हो जाएगा।
अग्निशमन विभाग ने लगभग छह महीने पहले मॉल का सर्वे किया था और खामियों की रिपोर्ट तैयार की थी। इसके बाद मॉल के अधिकारियों को नोटिस भेजा गया था।
फायर स्टेशन ऑफिसर शेषनाथ यादव ने बताया कि मॉल में आग से निपटने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी तक नहीं हैं। नोटिस के बाद भी वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। फायर अलार्म तक खराब पड़े हैं।