धमाके के साथ शोरूम में लगी आग, एक जिंदा जला, 50 लाख का नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काकोरी के दुबग्गा इलाके में हरदोई रोड स्थित प्लाइवुड के शोरूम में बृहस्पतिवार देर रात तेज धमाके के साथ आग लग गई। बरामदे में सो रहा भार वाहन का चालक जिंदा जल गया। उसके भाई ने शोरूम मालिक पर लेनदेन के विवाद में चालक को जलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आग बुझाने में दमकल की चार गाड़ियों को पांच घंटे लगे। अग्निकांड में 50 लाख से अधिक की क्षति का अनुमान लगाया गया है।
एसओ काकोरी रामनरेश यादव ने बताया कि मलिहाबाद के गांव मुजासा निवासी संतोष साहू उर्फ टिंकू का दुबग्गा की रज्जाक मार्केट के बेसमेंट में ओम प्लाइवुड एंड हार्डवेयर नामक शोरूम है। वहां रात 12:30 बजे धमाके के साथ भीषण आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियों ने पांच घंटे में आग बुझाई। शोरूम के बरामदे से युवक का बुरी तरह जला शव मिला।
उसकी पहचान मलिहाबाद के ही गांव ढेढ़ेमऊ निवासी भारवाहन चालक आजाद अहमद (40) के रूप में हुई। आजाद के भाई मुमताज अहमद ने संतोष साहू पर दो-ढाई लाख के लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं संतोष साहू का कहना है कि वह रात नौ बजे शोरूम बंद कराकर अमीनाबाद गया था। भोर में अग्निकांड की जानकारी पर पहुंचा।
तगादे पर झगड़ा कर रहा था शोरूम मालिक
मुमताज अहमद ने बताया कि आजाद ने अपने दो भारवाहन लोडिंग-अनलोडिंग के लिए संतोष के शोरूम पर लगा रखे थे। इनमें एक को वह खुद चलाता था। संतोष भाड़ा देने में टालमटोल कर रहा था। इसके चलते दो-ढाई लाख रुपये बाकी हो गए थे।
आजाद बृहस्पतिवार सुबह घर से निकला था। उसने रात 11 बजे पत्नी जरीना को कॉल कर बताया कि संतोष से हिसाब करके लौटेगा। बातचीत के दौरान फोन कट गया। तड़के आजाद की मौत की खबर मिली।
मुमताज ने आरोप लगाया कि बकाया रकम के तगादे पर संतोष ने उसके भाई आजाद की हत्या की। हत्या को हादसा साबित करने के लिए खुद ही गोदाम को आग लगा दी।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
सीएफओ अभयभान पांडेय ने बताया कि दमकल दस्ते की जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की पुष्टि हुई है। लपटें उठने पर आसपास के लोगों को भनक लगी।
वहीं एसओ काकोरी का कहना है कि मुमताज की तहरीर पर संतोष साहू के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की धारा में केस दर्ज कर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य बिंदुओं पर छानबीन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लावारिस में भेजा शव
जरीना ने बताया कि संतोष साहू व अन्य लोगों ने बुरी तरह झुलसे शव की पहचान नहीं की। इसके चलते उसे लावारिस में दर्ज कर रात 3:40 बजे मॉर्च्युरी भेज दिया गया।
पुलिस ने छानबीन के बाद आजाद के परिवारीजनों को सूचना दी। परिवार में बेटा फैसल (15) व तीन बेटियां खुशनुमा (17), अलीशा (10) और रुतबा (7) हैं।