पहनावे पर टिप्पणी से यूपी विधानसभा में भिड़ी महिलाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा में मंगलवार को एक महिला सदस्य ने दूसरी महिला सदस्य की साड़ी पर टिप्पणी करने पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने टिप्पणी करने वाले भाजपा सदस्य से माफी की मांग कर डाली। बाद में संसदीय कार्यमंत्री आजम खां ने मामला शांत कराया।
हुआ यूं कि सपा की शादाब फातिमा बजट पर चर्चा के दौरान बोल रही थीं। वह हरी साड़ी पहनकर आईं थी। उनके बोलने का समय पूरा हुआ तो विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास लगी लाल बत्ती जलने लगी। आसन पर अधिष्ठाता के रूप में अनुग्रह नारायण सिंह बैठे थे।
शादाब बजट की खूबियां गिना रही थीं। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने चुटकी लेते हुए अधिष्ठाता से कहा, इधर लाल बत्ती है और उधर हरी बत्ती। दोनों बत्तियां एक साथ नहीं जलतीं। उन्होंने अधिष्ठाता से व्यवस्था देने को कहा।
कुछ लोग उनकी साड़ी देख रहे थे...
इसके कुछ ही देर बार फातिमा ने अपनी बात पूरी कर ली। उनके तुरंत बाद भाजपा के डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल खड़े हुए। उन्होंने शादाब के भाषण की तारीफ करते हुए कहा, अच्छे वक्ता के बाद बोलना मुश्किल होता है। वह बोले, कुछ लोग उनका भाषण सुन रहे थे और कुछ लोग उनकी साड़ी देख रहे थे।
शायद उनका इशारा नेता प्रतिपक्ष की तरफ था। उनकी उस टिप्पणी पर सपा की इंद्राणी वर्मा ने विरोध जताया। उन्होंने इसे महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि सदस्य को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
महिला के लगातार बोलने पर संसदीय कार्यमंत्री ने दखल दिया। कहा, डॉ. राधा मोहन संजीदा सदस्य हैं। उनकी मंशा यकीनन गलत नहीं थी लेकिन महिला सदस्य की बातों का भी सम्मान करते हैं। कम से कम उनमें बातों को समझने की खूबी आ गई है। उन्होंने अधिष्ठाता से अनुरोध किया कि वे कार्रवाई दिखवा लें। अधिष्ठाता ने कहा, वे दिखवा लेंगे कि कार्यवाही में कोई असंसदीय बात न हो।
चुप नहीं रहे आजम भी
बसपा के कालीचरण सोनकर ने बजट को बेरोजगार विरोधी बताया तो संसदीय कार्यमंत्री ने उनकी सराहना की। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि उनके सदस्य ने एक सच बात कही है। उन्होंने बजट को बेरोजगार विरोधी कहा है।
यानी इससे बेरोजगारी कम होगी और रोजगार मिलेंगे। उन्होंने कहा, बादशाह (मोदी) ने दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था। वह अपना वादा पूरा नहीं कर सके।
सपा सरकार बेरोजगार नौजवानों को रोजगार देगी। हालांकि सोनकर ने कहा कि उनका आशय यह था कि बजट में बेरोजगार नौजवान को छला गया है।