लखनऊ। गोमतीनगर स्थित रिवर फ्रंट से सोमवार देर रात सआदतगंज के बगिया निवासी करीब 35 वर्षीय जिशान के नदी में छलांग लगाने की आशंका है। परिवार ने पुलिस पर खोजबीन में लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि किसी ने उन्हें नदी में कूदते नहीं देखा है। इसके बावजूद सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
गोमतीनगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, जिशान सोमवार रात कैसरबाग स्थित अपनी ससुराल पहुंचे थे। वहां पत्नी, साले और साली से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद वह स्कूटी से देर रात घर के लिए निकले। रास्ते में उन्होंने स्कूटी चलाते हुए एक वीडियो बनाया और जान देने की बात कहते हुए ससुरालवालों को जिम्मेदार ठहराया। यह वीडियो उन्होंने अपनी बहन को भेजा था। बहन ने रात 2:24 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस रिवर फ्रंट पहुंची तो वहां स्कूटी और मोबाइल मिला, लेकिन जिशान नहीं दिखे। गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से गोमती में सर्च अभियान चलाया गया लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। बहन ने पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाया। एसीपी गोमतीनगर रत्नेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में नदी में छलांग लगाने की पुष्टि नहीं हुई है। आशंका है कि जिशान नदी में नहीं कूदे। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया है।