नगराम। रबी फसल की बोआई के लिए डीएपी का संकट बना हुआ है। शनिवार को बहरौली समिति पर खाद के लिए गए कई किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा।
बहरौली सचिव के अनुसार केवल समिति के सदस्यों को खाद वितरण करने का आदेश है। नगराम इलाके में सहकारी समिति इस्माइल नगर समेसी, गढ़ा, देवती, बहरौली, नगराम दक्षिण, सहित सात समितियों के माध्यम से किसानों को खाद बीज उपलब्ध कराया जाता है। किसान अमेठियन पुरवा निवासी मुन्नू सिंह ने बताया कि उनके पास दो हेक्टेयर भूमि है। इसके लिए करीब आठ बोरी डीएपी की जरूरत है। समिति से उन्हें केवल तीन बोरी खाद दी गई। जौखंडी निवासी गुलाम मोहम्मद ने बताया कि बहरौली समिति पर टोकन न मिल पाने से खाद नहीं मिल सकी, निराश होकर वापस लौटना पड़ा। मुकुंद खेड़ा के पंकज, खवास खेड़ा के राजकुमार की पीड़ा है कि सदस्य बनने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल सकी। इस बाबत सहकारी समिति के सचिव संजय ने बताया कि 400 बोरी डीएपी मिली है। करीब 700 सदस्यों को वितरण करना था, ऐसे में सबको देना संभव नहीं हो सकता।