अखिलेश बोले, मोहब्बत पर नहीं लगा सकते पाबंदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में बेतहाशा हो रहे जुर्म पर लगाम लगाने में नाकाम सपा सरकार के मुखिया भी पार्टी के कई बड़बोले नेताओं की राह पर चल निकले हैं। अब वे भी मीडिया के सामने सरकार की नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए बेतुके और हल्के बयान दे रहे हैं।
ऐसा ही शनिवार शाम एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश ने किया। समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर हो रही इस कांफ्रेंस में मीडिया से अखिलेश रेप और हत्या जैसे तमाम मामलों पर मीडिया को ही जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाने लगे।
अखिलेश ने फैजाबाद में बीते दिनों एक युवती के साथ हुई दरिंदगी व हत्या के मामले पर कहा कि हम मोहब्बत पर तो पाबंदी लगा नहीं सकते।
मीडिया की लगा रहे क्लास
सीएम अखिलेश आजकल प्रदेश सरकार के अधिकारियों की तो क्लास लेते ही हैं, साथ ही मीडिया को पत्रकारिता भी सिखाने लगे हैं। प्रेस कांफ्रेंस में भी अखिलेश ने ऐसा ही किया।
अखिलेश ने कुछ मीडिया समूहों पर बिना नाम लिए साजिश रचने का आरोप लगा डाला तो वहां मौजूद पत्रकारों से कहा कि आप खुद तय कीजिए कि कितने खबरें गलत लिखी जाती हैं।
अखिलेश ने कहा कि बदायूं कांड का खुलासा होने के बाद क्यों खामोश हो गई मीडिया। उन्होंने फैजाबाद मामले पर भी कहा कि लड़की और लड़के के बीच पुराने रिश्ते थे। ऐसे में सरकार किस-किस पर रोक लगा सकती है। ये किसी के बस की बात नहीं।
खरखौंदा में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर अखलेश ने मजा लेते हुए कहा कि कोर्ट के सवाल का जवाब हम कोर्ट में ही देंगे, वरना जज साहब नाराज हो जाएंगे।
गलती होगी, तो स्वीकार करेंगे
अखिलेश ने एक तरफ मीडिया से सकारात्मक रिपोर्टिंग की अपील की, तो दूसरी ओर अपनी सरकार के कामों को गिनाने से भी नहीं चूके। बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए हो रहे काम, मेट्रो और सड़क निर्माण पर समाजवादी सरकार की तेजी को जनता तक पहुंचाने के लिए उन्होंने मीडिया का धन्यवाद भी अदा किया।
अखिलेश ने कहा कि अगर सरकार से कहीं गलती होगी, तो मैं उसे स्वीकार भी करूंगा लेकिन बेवजह पीछे पड़ने से कुछ हासिल नहीं होगा। इससे सिर्फ यूपी और सरकार की बदनामी ही होगी।
अखिलेश ने यह भी कहा कि भाजपा के लोगों और कुछ मीडिया वालों की तमाम कोशिश के बावजूद हमारी बदनामी का बुरा असर पर्यटन पर नहीं पड़ा है। उन्होंने बताया कि ताजमहल के पर्यटम में इजाफा हुआ है।
कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने थामी साइकिल
अखिलेश पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के एक पूव मंत्री बंशीधर राज व लखीमपुर खीरी जिले के कांग्रेसी नेताओं को पार्टी में सदस्यता दिलाने के लिए मौजूद थे। इस अवसर पर उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस से सपा में आए सभी नेताओं का स्वागत किया और वादा किया कि उनके साथ सपा में अच्छा बर्ताव किया जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि इसके लिए पार्टी नेता नरेश अग्रवाल बधाई के पात्र हैं। उन्होंने लोगों को जोड़ने का काम किया है। अखिलेश ने कांग्रेसी से सपाई बने लोगों से कहा कि इस पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा।
अखिलेश ने यह भी कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और जनता भी सरकार के कामों की सराहना कर रही है।