‘मेरा बिजली कनेक्शन काटा तो गोली मार दूंगा’
यह धमकी यूपी में ही मिल सकती है। बिजली चोरी पकड़ने के लिए गए दस्ते को इस तरह से यहां जान से मारने की धमकी मिली। लखनऊ शहर के राजाजीपुरम खंडीय इलाके में मंगलवार को बिजली चोरी पकड़ने गए लेसा चेकिंग दस्ते को युवक ने तमंचा लेकर धमकाया।
उसने बिजली कर्मी से साफ साफ कहा कि मेरा बिजली कनेक्शन काटा तो गोली मार देंगे। दस्ता बिजली चेकिंग पर अड़ा तो उसने कट्टा लेकर दौड़ा लिया। बाद में विजिलेंस एवं इलाकाई थाने की पुलिस ने छापामार कर बिजली चोरी पकड़ी। उपभोक्ता को 20 हजार रुपये शमन शुल्क चुकाना पड़ा।
एक्सईएन आरके श्रीवास्तव के मुताबिक दोपहर दो बजे एसडीओ आरके निगम एवं टेस्ट इकाई कमियों का दस्ता तेजीखेड़ा में चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान चंद्रावती नाम के कनेक्शन के मीटर की जांच कराने से युवक संजय सिंह ने मना कर दिया।
मीटर जांचने से रोक दिया युवक ने
एक्सईएन आर.के श्रीवास्तव ने बताया कि चेकिंग दस्ता विरोध के बाद भी मीटर जांच करने के लिए बढ़ा तो युवक ने रोक दिया। इस पर दस्ते ने बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी तो युवक घर से तमंचा निकाल लाया और धमकाया कनेक्शन काटा तो गोली मार देंगे।
युवक ने चेकिंग दस्ते को खदेड़ा तो बड़े अफसरों को सूचना दी गई। इसके बाद शक्ति भवन से विजिलेंस एवं मानकनगर पुलिस ने पहुंचकर छापामारी की।
पुलिस संरक्षण में दस्ते ने मीटर उतारकर खोला तो उसमें स्पीड स्लो करने वाला रिमोट पाया गया। इस पर पांच किलोवाट विद्युत लोड की बिजली चोरी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना जमा कराया गया।
एक्सईएन ने बताया कि उपभोक्ता को इस बिजली चोरी के एवज में करीब एक लाख रुपये का जुर्माना बिल भी चुकाना पड़ेगा।