बड़ी बहन ने रुकवाया किशोरी का बाल विवाह, सात जुलाई को होनी थी शादी, जांच के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटियों को लेकर जहां पूरा देश संजीदा है, वहीं गोंडा में एक ऐसा मामला आया है जहां एक मां अपनी नाबालिग बेटी का बाल विवाह करने की तैयारी कर रही थी। नाबालिग बेटी की सात जुलाई को उसके गांव के ही रहने वाले एक युवक से शादी तय हो गई थी।
शादी की जानकारी होते ही किशोरी की बड़ी बहन ने मंगलवार को जिलाधिकारी को संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थनापत्र देकर छोटी बहन का बाल विवाह रुकवाने की फरियाद की। डीएम ने मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्रवाई का आदेश दिया। जिसके बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने देहात कोतवाल को शादी रोकने का आदेश दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के मोकलपुर गांव की रहने वाली मंजीता पत्नी ज्ञानबाबू ने संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रभांशु कुमार को पत्र देकर कहा है कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के केशवजोत गांव के मजरे पंडित पुरवा में उसका मायका है। मंजीता के मुताबिक 14 वर्षीया छोटी बहन का विवाह परिवारीजनों ने गांव में ही एक युवक से तय कर दिया है। उसकी शादी सात जुलाई को होनी है।
मंजीता ने मंगलवार को डीएम से बहन का बाल विवाह रोकवाने की फरियाद की। जिलाधिकारी ने मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी को हर हाल में बाल विवाह रोकने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी के पत्र पर पुलिस कप्तान ने देहात कोतवाल को शादी रोकने का आदेश दिया है।
मामले पर ये कहते हैं अधिकारी
देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह का कहना है कि कोतवाली देहात क्षेत्र के मोकलपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने एसपी के माध्यम से अपनी नाबालिग बहन की प्रस्तावित शादी रोकने की मांग करते हुए शिकायत भेजी है। मगर यह पारिवारिक मामला है। फिलहाल जांच की जा रही है।
वहीं, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह का कहना है कि कोतवाली देहात क्षेत्र के मोकलपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है कि कोतवाली देहात क्षेत्र के केशवजोत गांव के मजरे पंडितपुरवा की रहने वाली उसकी 14 साल की छोटी बहन की शादी सात जुलाई को प्रस्तावित है जिसे रोका जाए। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर बाल विवाह रोकने की अपेक्षा की गई है।