{"_id":"6520b6728d1e2c69070fc514","slug":"ekana-stadium-india-pakistan-live-match-will-be-shown-in-a-40-by-60-feet-screen-2023-10-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"इकाना स्टेडियम: 40 बाई 60 फिट की स्क्रीन में दिखाया जाएगा भारत-पाकिस्तान का लाइव मैच, परोसे जाएंगे लजीज व्यंजन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इकाना स्टेडियम: 40 बाई 60 फिट की स्क्रीन में दिखाया जाएगा भारत-पाकिस्तान का लाइव मैच, परोसे जाएंगे लजीज व्यंजन
Sat, 07 Oct 2023 07:09 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला सिटी रिपोर्टर, लखनऊ
अमर उजाला सिटी रिपोर्टर, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sat, 07 Oct 2023 07:09 AM IST
सार
भारत-पाक मैच का सजीव प्रसारण देखने के लिए आने वालों को टिकट लेना होगा। इसकी दर 899 से 1299 रुपये तक है। इंडोर स्टेडियम में 2300 सीटें हैं।
विज्ञापन
लखनऊ का इकाना स्टेडियम।
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
विश्वकप के आगाज के साथ भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का जोश बढ़ता जा रहा है। गुजरात में होने वाले इस इस हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए राजधानी के इकाना स्टेडियम में खास इंतजाम किया गया है। यहां पर क्रिकेट प्रेमी न सिर्फ विशाल स्क्रीन पर इस मुकाबले का सजीव प्रसारण देख सकेंगे, साथ ही लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकेंगे।
विज्ञापन
इकाना प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार यहां के इंडोर स्टेडियम में 40 गुणा 60 फीट की विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। दर्शक यहां खिलाड़ियों से चौके-छक्के की मांग करते दिखाई देंगे तो उन्हें प्ले कार्ड सौंपा जाएगा। दर्शको के चेहरे पर देश का झंडा पेंट करने के लिए कलाकार भी मौजूद होंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों की जर्सी भी मिलेगी।
विज्ञापन
भारत-पाक मैच का सजीव प्रसारण देखने के लिए आने वालों को टिकट लेना होगा। इसकी दर 899 से 1299 रुपये तक है। इंडोर स्टेडियम में 2300 सीटें हैं। यहां तीन स्क्रीन पर मैच दिखाए जाएंगे। भारत के अन्य मैच भी यहां दिखाए जाएंगे।
विज्ञापन
मैच के दौरान मोबाइल नेटवर्क ठीक रखने के लिए लगेंगे टावर
इकाना स्टेडियम में क्रिकेट विश्व कप के पांच मुकाबले होंगे। इनकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को डीएम ने स्टेडियम प्रशासन व अन्य के साथ बैठक की। इसमें बताया गया कि यहां 12, 16, 21 व 29 अक्तूबर और तीन नवंबर को मैच होने हैं। डीएम ने कहा कि मैच के दौरान भीड़ ज्यादा होने से मोबाइल फोन के नेटवर्क में समस्या आ जाती है। इस पर उन्होंने सभी सर्विस प्रोवाइडरों के साथ बैठक कर स्टेडियम में नेटवर्क बूस्टर या टेंपरेरी टावर लगवाने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्टेडियम का डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान बनाने के लिए भी कहा, ताकि किसी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। इसके लिए उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और नगर मजिस्ट्रेट को इकाना प्रबंधन के साथ संयुक्त रूप से डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान बनाने के लिए कहा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को पूरे स्टेडियम व आस-पास के क्षेत्र की स्ट्रक्चरल सेफ्टी का ऑडिट करा कर सर्टिफिकेट देने के निर्देश दिए। बैठक में स्टेडियम की चेकिंग, सफाई, आसपास की झाड़ियों की कटाई, परिसर में पेस्ट कंट्रोल, पानी के टैंकरों की व्यवस्था, मोबाइल शौचालय की व्यवस्था व क्रिकेट टीमों के आवागमन को व्यवस्थित करने समेत अन्य कार्ययोजना तैयार करने को कहा।