ट्रेन में सफर करने के दौरान भूल गए पहचान पत्र तो दें ई-आधार
ट्रेन में सफर के दौरान पहचान पत्र रखना भूल जाने पर अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। आप मोबाइल या लैपटॉप पर ई-आधार डाउनलोड कर टीटीई को दिखा सकेंगे।
इसके बाद किसी अन्य पहचान पत्र की मूल प्रति नहीं दिखानी होगी। रेलवे प्रशासन ने पहचान पत्र के लिए ई-आधार को भी मान्यता दे दी है। साथ ही ई-आधार को पहचान पत्र के 10 विकल्पों में शामिल कर लिया है। यात्रियों को यह सुविधा जल्द मिलने लगेगी।
ट्रेनों में आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले कभी-कभी अपने पहचान पत्र की छाया प्रति लेकर चलना भूल जाते हैं। इससे यात्रियों के साथ ही टीटीई को भी परेशानी होती है।
इस समस्या को देखते हुए यात्रियों ने रेलवे बोर्ड से मूल आईडी के साथ ई-आधार को भी पहचान पत्र के रूप में मान्यता देने की मांग की थी।
रेलवे ने यूआईएआई को लिखा पत्र
इस पर रेलवे बोर्ड ने यूनिक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया को पत्र लिखा था। जवाब में अथॉरिटी ने कहा है कि आधार एक्ट 2016 के सेक्शन 4 (3) के तहत डाउनलोड आधार (ई-आधार) को भी पहचान पत्र के रूप में प्रस्तुत करने की मान्यता है।
अथॉरिटी का पत्र मिलने के बाद रेलवे बोर्ड ने पहचान पत्र के 10 विकल्पों में ई-आधार को भी शामिल कर लिया है।
रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर पैसेंजर मार्केटिंग विक्रम सिंह ने सभी जोनल मुख्यालयों को यह आदेश जारी कर दिया है।