{"_id":"6956e3674438e82f920e19ed","slug":"drunk-police-officer-breaks-barricade-with-car-tries-to-crush-people-lucknow-news-c-13-1-vns1028-1541970-2026-01-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: नशे में धुत दरोगा ने कार से बैरिकेडिंग तोड़ी, कुचलने का किया प्रयास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: नशे में धुत दरोगा ने कार से बैरिकेडिंग तोड़ी, कुचलने का किया प्रयास
विज्ञापन
हरतगंज में पुलिसकर्मियों से उलझता आरोपी दरोगा।
विज्ञापन
लखनऊ। 31 दिसंबर की रात हजरतगंज चौराहे पर नशे में धुत दरोगा ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। आरोपी ने डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित से नोकझोंक भी की। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। हजरतगंज पुलिस ने आरोपी दरोगा के खिलाफ 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक पूछताछ में आरोपी दरोगा ने अपना नाम सौम्य जायसवाल बताया है। वह बाराबंकी पुलिस लाइन में तैनात है। बुधवार रात हजरतगंज चौराहे पर पुलिस तैनात थी। डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित भी वहां मौजूद थे। पुलिस ने जश्न में उपद्रव और हंगामे की आशंका के चलते चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाई थी। रात करीब 12:30 बजे रोवर्स की ओर से दोस्तों के साथ कार में सवार होकर आ रहे दरोगा सौम्य को उन्होंने रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने कार की गति बढ़ा दी और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए दरोगा आशुतोष को कुचलने का प्रयास किया जो बाल-बाल बचे। पुलिस ने जब सौम्य को कार से नीचे उतारा तो वह अपनी गलती मानने के बजाय पुलिस से उलझ पड़ा। आरोपी को डीसीपी ट्रैफिक ने जब समझाने का प्रयास किया तो वह उनसे भी नोकझोंक करने लगा। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। कार की तलाशी में शराब की खाली बोतलें बरामद हुईं। एसीपी ने बताया कि आरोपी के निलंबन के लिए बाराबंकी एसपी को पत्र लिखा गया है।
विज्ञापन
कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति
चौराहे पर अगर दरोगा की जगह कोई आमजन ऐसा करता तो पुलिस तुरंत उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से लेकर अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई करती, मगर दरोगा के मामले में पुलिस ने रहमदिली दिखाई। चर्चा है कि पुलिस ने सिर्फ मामूली कार्रवाई कर खानापूर्ति की है।
विज्ञापन