पेट्रोल पंप पर मोबाइल से हो सकता है विस्फोट
बाजार खाला में सोमवार को मिल एरिया के एक पेट्रोल पंप पर मोबाइल फोन से बात करने के कारण आग लग गई। आग एक बोतल में लगी, जिसमें तेल भरा जा रहा था।
बोतल पकड़े युवक ने उसे फेंका तो धमाके के साथ मोबाइल पर बात कर रहे युवक की बाइक और एक कार आग की चपेट में आ गई। आग बुझाने की कोशिश में पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी का हाथ झुलस गया।
आग लगते ही वहां भगदड़ मच गई। हालांकि फायर फाइटर की मदद से कुछ मिनटों में ही आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस देर रात तक जांच-पड़ताल करती रही।
मिल एरिया चौकी के पास इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप है। सुबह करीब सवा दस बजे वहां दर्जनों लोग अपनी-अपनी गाड़ियों में पेट्रोल डलवाने के लिए कतार लगाए हुए थे।
इसी दौरान एक बाइक सवार युवक खुली बोतल में तेल डलवाने लगा। पास ही दूसरी बाइक पर सवार एक अन्य युवक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी समय अचानक बोतल में आग लग गई।
बाइक सवार युवक ने झटके से बोतल दूर फेंकी। जमीन पर गिरते ही धमाका हो गया। इसमें पेट्रोल डाल रहे कर्मचारी रमापति तिवारी का हाथ भी झुलस गया।
धमाके से मोबाइल पर बात कर रहे युवक की बाइक के पिछला हिस्सा और एक कार आग की चपेट में आ गई। यह देख वहां भगदड़ मच गई। लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग खड़े हुए।
रेडियो वेब से आग का खतरा
पेट्रोल पंप के मैनेजर इशान ने बताया कि पेट्रोल पंप के करीब दो दर्जन कर्मचारी आग बुझाने के लिए दौड़े। वहां रखे फायर फाइटर उपकरणों की मदद से चंद ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया।
जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, स्थिति सामान्य हो चुकी थी। बाजारखाला की पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
शुरुआती जांच -पड़ताल में पेट्रोल डलवाते समय मोबाइल पर बात करना ही असली वजह बताई जा रही है। अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस उन लोगों के बारे में पता लगा रही है जो उस समय पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
मोबाइल फोन से बात करते समय विशेष तरह की रेडियो वेब निकलती रहती है। इस रेडियो वेब के ज्वलनशील पदार्थ, जैसे पेट्रोल-डीजल के संपर्क में आने पर आग लगने का खतरा रहता है।
लखनऊ पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के सचिव सुधीर बोरा ने बताया कि गाड़ियों में तेल डलवाते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर मोबाइल फोन पर बात तो नहीं ही करनी चाहिए। बात करना जरूरी हो तो पेट्रोल पंप से बाहर ही करें।