शीतलहर के चलते बच्चों की कल से छुट्टी, जानें कब से खुलेंगे स्कूल
लखनऊ में शीतलहर के देखते हुए डीएम सत्येंद्र सिंह ने आठवीं तक के स्कूल 4 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। ठंड को देखते हुए 31 दिसंबर से सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय और सीबीएसई और आईसीएसई स्कूल बंद रहेंगे।
गौरतलब है कि इस वर्ष का अंतिम बृहस्पतिवार सबसे ठंडा दिन रहा। हांड़कंपा देने वाली ठंडक के चलते दिनभर लोग ठिठुरते नजर आए। नैनीताल, श्रीनगर जैसे पहाड़ी इलाकों में दिन की ठंड को टक्कर देते मौसम के चलते साल 2016 में दिसंबर महीने का सबसे ठंडा दिन भी बृहस्पतिवार बना।
अधिकतम पारा 48 घंटों में 23 डिग्री से लुढ़कर 16 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। ये सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। कामचलाऊ धूप में दोपहर दो बजे के बाद कुछ तेजी दिखी, लेकिन लोगों को गलन से राहत न मिली।
न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 10.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बर्फीले झोंको के चलते सिर से पैर तक गर्म कपड़ों से ढके लोग शाम से पहले घरों में दुबकने पर मजबूर हुए।
चिल्लै के जाड़े की दस्तक
शाम को गलन केचलते सड़कोें पर अलाव के किनारे जमघट दिखे। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि पहाड़ों पर अचानक बर्फबारी हुई है।
ड्राई वेस्टर्न विंड के चलते पारे में उतार-चढ़ाव हो रहा है। गलन बढ़ी है। अगले एक हफ्ते में पारा और गिरेगा। कोहरा बढ़ेगा और ठंड के तेवर तीखे होंगे। ठिठुराती ठंड बढ़ने पर कहा जाता है कि चिल्लै के जाड़े ने दस्तक दे दी है।
कहावत के अनुसार ‘धनु के 15 मकर 25, चिल्लै का जाड़ा दिन चालीस’ के हिसाब से सूर्य 15-16 दिसंबर को धनु राशि में गया है। शेष 15 दिनों की शुरुआत होने वाली है। मध्य जनवरी में सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा और फिर 25 दिनों का जाड़ा भी शुरू होगा।