रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले, पाकिस्तान में उद्योग बना आतंकवाद, इसलिए गिरी उनकी अर्थव्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद उद्योग बन गया है, इसलिए उनकी अर्थव्यवस्था गिरती जा रही है। पाकिस्तान में महंगाई चरम पर है। वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल देश की अर्थव्यवस्था को तेजी से मजबूत किया है बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख इतनी बढ़ी है कि कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता है।
राजनाथ शुक्रवार शाम लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार सुरेश तिवारी की जीत के बाद आयोजित कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में बोल रहे थे। देश में आर्थिक मंदी और धीमी विकास दर के आरोपों को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि 2024 तक भारत 50 खरब डॉलर अर्थव्यवस्था वाला देश होगा।
अनुच्छेद 370 हटाकर राजनीति में विश्वसनीयता का संकट किया खत्म
रक्षामंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को खत्म किया है। लोग सोचते थे कि राजनीति में जो कहते हैं, वह होता नहीं है, लेकिन हमने जो कहा वह करके दिखाया।
उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से घोषणापत्र में अनुच्छेद 370 को हटाने का वादा था, जैसे ही पूर्ण बहुमत आया वैसे ही वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। पांच अगस्त के बाद वहां कोई भी आम नागरिक नहीं मारा गया, जबकि सुरक्षा बलों ने कई आतंकवादियों को मार गिराया है।इससे पहले एयरपोर्ट पहुंचने पर राजनाथ सिंह का कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ भाजपा अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया।
जनता का विश्वास बढ़ा
राजनाथ ने कहा कि आजाद भारत में नेताओं की कथनी और करनी से लोगों का भरोसा उठ चुका था, लेकिन भाजपा ने सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रहित में काम करने राजनीति की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का भाजपा और मोदी सरकार पर विश्वास अटूट हुआ है। राजनाथ ने कैंट विधानसभा उपचुनाव में जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने उपचुनाव में कम मतदान पर चिंता भी जताई। राजनाथ सिंह ने भाजपा कार्यकर्ता स्व. रमा शुक्ला के जय प्रकाश नगर स्थित आवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि रमा शुक्ला का निधन लखनऊ भाजपा के लिए क्षति है।