पुलिस हिरासत में मौत: पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिले ये संकेत, थाने के वीडियो फुटेज हुए लीक, तड़पते दिखे मोहित
Death in police custody: डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रविवार को डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इस मामले में पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने इंस्पेक्टर चिनहट अश्वनी कुमार चतुर्वेदी को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
पुलिस अभिरक्षा में व्यापारी मोहित पांडेय (32) की मौत के मामले में रविवार दोपहर परिजनों ने फिर से विभूतिखंड स्थित मंत्री आवास के पास शव रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजन और लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस की परिजनों से तीखी नोकझोंक भी हुई। बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला से मिले आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और चले गए।
दोपहर करीब 12:30 बजे परिजन मोहित का शव लेकर मंत्री आवास पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, एक करोड़ मुआवजे और मोहित की पत्नी सुषमा को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग करने लगे। सूचना पर एडीसीपी पूर्वी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया तो उनकी परिजनों से नोकझोंक हो गई।
इस बीच दो युवक उग्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। रोकने पर पुलिस से उलझ गए। इसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान ही सपा नेता पूजा शुक्ला परिजनों से मिलने पहुुंचीं। उन्होंने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने उनको भी हिरासत में ले लिया और विभूतिखंड थाने भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान ही बीकेटी से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला भी पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाया और शव घर भिजवा दिया। भाजपा विधायक योगेश दोबारा मोहित के घर पहुंचे और एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। शाम को पुलिस की मौजूदगी में भैसा कुंड में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं, चोट के कुछ निशान मिले
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रविवार को डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डॉक्टरों ने हार्ट व विसरा सुरक्षित रखा है। शरीर पर चोट के कुछ निशान मिले हैं जो थाने आने से पहले हुई मारपीट के हैं। उन्होंने बताया कि देर रात इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी को दी गई है। रविवार को वे चिनहट थाने पहुंचे और जांच शुरु की।
ये थी घटना
चिनहट के नई बस्ती जैनाबाद निवासी व्यापारी मोहित पांडेय का शुक्रवार को सप्लाई का काम देखने वाले गोंडा निवासी आदेश से विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। शिकायत पर पुलिस पुलिस मोहित और आदेश को चिनहट थाने ले गई थी। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। शनिवार दोपहर हवालात में मोहित की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में उनकी मां तपेश्वरी ने आदेश, उसके चाचा, इंस्पेक्टर चिनहट अश्वनी चतुर्वेदी और अज्ञात पुलिस वालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।
थाने की चार फुटेज आईं सामने, एक में तड़पते दिखे मोहित
चिनहट पुलिस की अभिरक्षा में हुई व्यापारी मोहित पांडेय की मौत के मामले में रविवार को घटना से जुड़ी चार सीसीटीवी फुटेज सामने आई हैं। एक फुटेज में हवालात में बंद मोहित पेट दर्द से तड़पते दिखे। एक युवक पुलिस वालों से मदद मांगता नजर आया।
पहला वीडियो : 28 सेकंड के इस वीडियो में व्यापारी मोहित, आरोपी आदेश सहित चार लोग चिनहट थाना परिसर में टहलते दिखे। यह वीडियो शुक्रवार रात का था।
दूसरा वीडियो : 1 मिनट 16 सेकंड का यह वीडियो शुक्रवार रात तीन बजे हवालात का है। वीडियो में पहले से तीन युवक हवालात में लेटे दिख रहे हैं। इस बीच आरोपी आदेश सबसे पहले हवालात में दाखिल होता है। कुछ देर वह इधर-उधर टहलता है। कुछ ही देर बाद मोहित का भाई शोभाराम पांडेय और उसके पीछे मोहित अंदर आता है। मोहित के हाथ में पानी की एक बोतल थी और उसने बोतल से पानी भी पीया। पीछे एक युवक भी हवालात में दाखिल होता है और फिर वह युवक बाहर चला जाता है।
तीसरा वीडियो : 38 सेकंड यह वीडियो शनिवार दोपहर 1:23 का है। इसमें हवालात में आठ लोग नजर आ रहे हैं। एक युवक इधर-उधर टहल रहा था, जबकि व्यापारी मोहित एक किनारे लेटे हुए दिखे। इस वीडियो में सब कुछ सामान्य दिखा।
चौथा वीडियो : 1 मिनट 24 सेकंड का वीडियो शनिवार दोपहर 1:36 का है। इसमें व्यापारी मोहित करवट लेकर लेटे दिखे। अचानक वह दर्द से तड़पने लगते हैं। पास में बैठा युवक उनकी पीठ सहलाता है। पीठ सहलाने वाला युवक शायद उनका भाई शोभाराम बताया गया। इस बीच एक युवक मोहित की हालत देख हवालात के दरवाजे पर पहुंचा और मदद की मांग की। इस बीच एक युवक पानी की बोतल शोभाराम की तरफ फेंकता है। इस बीच एक सिपाही आता है और देखकर चला जाता है।
अभिरक्षा में मौत के मामले में इंस्पेक्टर चिनहट निलंबित
चिनहट पुलिस की अभिरक्षा में व्यापारी मोहित पांडेय की मौत के मामले में पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने इंस्पेक्टर चिनहट अश्वनी कुमार चतुर्वेदी को निलंबित कर दिया है। उनकी जगह पर गाजीपुर थाने में तैनात दरोगा भरत कुमार पाठक को चिनहट का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। अभी इस मामले में चिनहट थाने में तैनात और पुलिस वालों की भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।