स्कूल में डांट के बाद से लापता छात्र का शव नहर में मिला, परिवार में मचा कोहराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में चिनहट के डायमंड पब्लिक स्कूल में शिक्षक की डांट के बाद से लापता 11वीं के छात्र आशुतोष यादव का शव शुक्रवार सुबह इंदिरा नहर में उतराता मिला। शव मिलने की खबर से परिवारीजनों में रोना-पीटना मच गया।
छात्र के पिता विनोद यादव ने स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाध्यापक के खिलाफ मानसिक व शारीरिक शोषण तथा खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर सचिन कुमार सिंह ने बताया कि छात्र का शव सुबह इंदिरा डैम के पास उतराता मिला।
पुलिस दो दिन से नहर में छात्र की तलाश कर रही थी। गोताखोरों की मदद से शव पानी से निकलवाया गया। उसके खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है। उधर, आशुतोष का शव मिलने की सूचना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
गिरफ्तार करने की मांग करते हुए किया हंगामा
रोते-पीटते परिवारीजनों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए हंगामा भी किया। उनका कहना था कि स्कूल के प्रधानाध्यापक ने उसे काफी बेइज्जत करके भगा दिया था। मालूम हो कि अनौराकला गांव निवासी विनोद यादव का छोटा बेटा आशुतोष यादव मटियारी चौराहा स्थित डायमंड पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था।
बुधवार सुबह वह स्कूल गया जहां परीक्षा के लिए फार्म भरवाए जा रहे थे। आशुतोष अपनी फोटो नहीं लाया था। इस पर शिक्षक ने उसे डांटते हुए भगा दिया। आशुतोष दोपहर करीब 11 बजे घर पहुंचा और फोटो लेकर स्कूल के लिए निकल गया।
परिवारीजन सोचते रहे कि वह स्कूल में पढ़ाई कर रहा है जबकि वास्तव में वह कहीं और चला गया था। देर शाम तक आशुतोष घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की। उसका कुछ पता न लगने पर परिवारीजन स्कूल पहुंचे लेकिन वहां भी कुछ पता नहीं लगा।
संवेदनशील और अंतर्मुखी स्वभाव का था
परिवारीजनों ने बताया कि आशुतोष काफी संवेदनशील और अंतमुर्खी स्वभाव का था। वह आसानी से लोगों से घुलता-मिलता नहीं था। मुहल्ले व स्कूल में उसके बहुत कम दोस्त थे। क्लास में भी वह शांत ही रहता था। उसके स्वभाव को स्कूल के लोग समझ नहीं सके और डांटने-फटकारने लगे। इससे क्षुब्ध होकर ही उसने खुदकुशी कर ली।