यूपीः बहू ने ससुर को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला
यूपी के रायबरेली जिले में मामूली बात पर हुए विवाद के दौरान एक महिला ने अपने ससुर को पीटकर मार डाला। फसल की निराई करने वाली खुरपी लापता होने पर पहले ससुर ने बहू को मारा और फिर उसने डंडे से पीट-पीटकर बुजुर्ग की जान ले ली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है।क्षेत्र के गौरन खेड़ा मजरा सकतपुर निवासी गौरी शंकर लोध (80) अपने पुत्रों से अलग गांव के बाहर खेत में छप्पर डालकर पत्नी नन्हकई के साथ गुजर बसर करता था।
खेत में फसल की निराई करने के दौरान गौरी शंकर की खुरपी लापता हो गई। इस पर शनिवार सुबह उसने अपनी छोटी बहू रेखावती को फटकारा। इस बात को लेकर खेत में रेखावती की ससुर गौरी शंकर से विवाद हो गया। गुस्से में गौरीशंकर ने बहू को दो डंडे मार दिए।
ससुर को मारने के बाद मिटाए सुबूत
डंडे की चोट से उसके सिर में खून निकलने लगा। यह देख नाराज रेखावती ने पास में पड़े बांस के डंडे से ससुर को बुरी तरह पीटा जिससे उसकी मौत हो गई।घटना को छिपाने के लिए रेखापती ने खेत में गिरे खून के निशान को मिटाने के लिए गुड़ाई कर दी।
इसके बावजूद वह घटना को छिपा नहीं सकी। कुछ देर बाद उसकी बड़ी बहू रामश्री और अन्य ग्रामीण पहुंचे तो उन्होंने गौरीशंकर को मृत पाया। घटना की जानकारी होते ही बड़ी बहू रामश्री ने पुलिस को सूचना दी। छानबीन के बाद एसओ आरपी रावत ने बताया की रामश्री ने देवरानी रेखापती खिलाफ ससुर की गैर इरादतन हत्या करने की रिपोर्ट लिखाई है। रेखावती को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक गौरीशंकर को यह नहीं पता था कि जिस बहू को अपने हिस्से की जमीन दे रखी है वही उसकी मौत की वजह बन जाएगी। मृतक ने अपनी जमीन को बेटों में बांट दिया था। एक बीघे जमीन अपने पास रखी थी, जिसे बंटाई पर आरोपी बहू को दे दिया था। इसके बावजूद बहू गौरीशंकर का कत्ल कर देगी, यह किसी को उम्मीद नहीं हो रही है।
घटनास्थल पर पहुंचा बेटा सिद्धेश्वर को पिता की हत्या की फिक्र नहीं थी। वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी पत्नी से पूछने लगा कि दवा कराई कि नहीं। बेटे की इस करतूत से ग्रामीणों ने उसे फटकार लगाई। इसके बाद बेटा सिद्धेश्वर पिता की हत्या की बाबत जानकारी करने लगा। साथ ही उसके आंखों में आंसू आ गए।