कार के साथ बच्चा भी ले उड़ा वाहन चोर, फिर...
लखनऊ के विभूति खंड इलाके में बेखौफ बदमाश ने शुक्रवार दोपहर वेव मॉल के सामने स्टार्ट खड़ी व्यापारी की कार चुरा ली। खास बात यह है कि ड्राइवर के बगल वाली सीट पर व्यापारी का बेटा बैठा था।
उसने शोर मचाया तो बदमाश ने एक किमी दूर ब्रेक लगाया और बच्चे को उतारकर कार ले उड़ा। पुलिस ने वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज करके कार की तलाश शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, अमीनाबाद में कपड़ा व्यापारी अतुल टंडन शुक्रवार दोपहर 2:15 बजे अपने बेटे देवांश (12) के साथ वेव मॉल गए थे। जमघट की छुट्टी पर परिवार समेत फिल्म देखने का इरादा था।
अतुल ने कार वेव के बाहर रोकी। एसी चलने की वजह से कार स्टार्ट छोड़ी और बगल वाली सीट पर बैठे देवांश से कुछ देर बाद लौटने की बात कहकर खुद टिकट लेने चला गया। इस बीच अतुल के मॉल के गेट के भीतर दाखिल होते ही एक बदमाश ने कार का दरवाजा खोला और तेज रफ्तार से दौड़ा दी।
और चोर रह गया हैरान
सीट पर ऊंघ रहा देवांश ने तेज रफ्तार व झटके लगने पर आंख खोली। ड्राइविंग सीट पर अपरिचित को देखकर उसने शोर मचाया। इससे चोर हैरान रह गया। उसे कुछ समझ नहीं आया तो, वेव के पीछे के रास्ते पर कार दौड़ा रहे बदमाश ने बेलनपुरवा के पास सुनसान स्थान पर ब्रेक लगाया और देवांश को उतारने के बाद कार तेज रफ्तार से दौड़ा दी।
उधर, सिनेमा हाउसफुल होने की वजह से टिकट न मिलने पर बैरंग लौटे अतुल ने कार गायब देखकर तलाश के साथ वेव पुलिस चौकी पर सूचना दी। इसके साथ परिवारीजनों व साथी व्यापारियों को फोन कर दिया। तलाश चल ही रही थी कि देवांश रोते हुए लौटा और आपबीती सुनाई।
व्यापारियों की भीड़ बढ़ते देख चौकी इंचार्ज ने एसओ विभूति खंड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कार चोरी की तहरीर लिखाई और रिपोर्ट दर्ज करके तलाश शुरू की है।