खाना देने में हुई देरी तो बेटे ने मां को मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रमनगरा मजरे डेहरियावां गांव में गुरुवार की सुबह खाना देने में देरी होने पर नाराज बेटे ने मां पर सब्बल से प्रहार कर दिया। हमले में मां की मौके पर ही मौत हो गई। परिवारीजनों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने हत्या आरोपी बेटे को पकड़ लिया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल सब्बल बरामद कर लिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच की । ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी पहले भी घर में मारपीट कर चुका है।
हलियापुर थाना क्षेत्र के रमनगरा मजरे डेहरियावां निवासी रिटायर्ड पोस्टमास्टर चंद्रपाल पांडेय की पत्नी इंदुमती (62) गुरुवार की सुबह उपले पाथने गई थी। वहां से लौटकर इंदुमती घर के सामने स्थित हैंडपंप पर हाथ धो रही थीं।
मां ने कहा हाथ धोकर दूंगी खाना
तभी उनका छोटा बेटा चंद्रशेखर पांडेय (30) वहां पहुंचा और मां से खाना देने को कहा। इंदुमती ने चंद्रशेखर को हाथ धोकर खाना परोसने की बात कही। इतने में चंद्रशेखर गुस्से में आ गया और जमीन पर पड़ा सब्बल (गहदाला) उठाकर इंदुमती के सिर पर प्रहार कर दिया।
सब्बल के वार से इंदुमती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त घर के बाहर मौजूद परिवारीजनों ने शोर मचाया तो आस-पास के ग्रामीण वहां पहुंच गए और चंद्रशेखर को पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सब्बल बरामद कर लिया।
सीओ रामऔतार कर्णवाल फॉरेंसिक टीम के साथ वहां पहुंच गए और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से नमूना लिया। सीओ ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पिता पर भी कर चुका है जानलेवा हमला
रमनगरा गांव निवासी रिटायर्ड पोस्टमास्टर चंद्रपाल पांडेय के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटों में बृजशेखर पांडेय निशक्त है। दूसरे नंबर पर राजशेखर और सबसे छोटा चंद्रशेखर पांडेय है। बेटियों की शादी हो चुकी है।
रमनगरा गांव निवासी चंद्रशेखर पांडेय ने दो वर्ष पूर्व अपने पिता चंद्रपाल पांडेय पर भी हमला किया था। उसके हमले से चंद्रपाल का हाथ टूट गया था। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस से भी चंद्रशेखर ने हाथापाई की थी।
छह माह पहले चंद्रशेखर द्वारा मारपीट से आजिज होकर उसकी पत्नी ससुराल छोड़कर मायके चली गई थी।