लखनऊ : पूर्व राज्यमंत्री व उसके पिता की ढाई अरब की संपत्ति जब्त, कभी 1200 रुपये की करता था नौकरी
राजधानी की कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सपा राज में राज्यमंत्री रहे मो. इकबाल व उनके पिता कैरियर डेंटल के मालिक अजमत अली की 2.54 अरब रुपये की संपत्तियां जब्त कर ली। इनमें 10 करोड़ रुपये से अधिक की लग्जरी गाड़ियां हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी की कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सपा राज में राज्यमंत्री रहे मो. इकबाल व उनके पिता कैरियर डेंटल के मालिक अजमत अली की 2.54 अरब रुपये की संपत्तियां जब्त कर ली। इनमें 10 करोड़ रुपये से अधिक की लग्जरी गाड़ियां हैं। दोनों पर जालसाजी, सरकारी जमीनों पर कब्जा करने और गिरोह बनाकर अवैध संपत्तियां बनाने के केस चल रहे हैं। कार्रवाई मड़ियांव थानाक्षेत्र के घैला, अल्लूनगर व मुतक्कीपुर में की गई।
एसीपी अलीगंज अखिलेश सिंह के मुताबिक पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के आदेश पर गिरोहबंद व समाज विरोध क्रियाकलाप अधिनियम की धारा 14 (1) के तहत कार्रवाई की। एसीपी ने बताया कि अजमत अली ने 1995 में कैरियर कॉन्वेंट एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट बनाकर सरकारी रास्तों, चकरोड, व सरकारी जमीनों पर कब्जा करना शुरू कर अवैध संपत्तियां खड़ी कर दीं।
कार्रवाई की जद में ये संपत्तियां
कैरियर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल (एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्पिटल, कैंपस), एमबीबीएस ब्वॉयज हॉस्टल, कैरियर पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड हॉस्पिटल (डेंटल कॉलेज, डेंटल हॉस्पिटल, नर्सिंग कॉलेज, स्टेडियम, भवन इंटर्न ब्वायज हॉस्टल व परिसर), बीडीएस गर्ल्स हॉस्टल, ब्वायज हॉस्टल, एमबीबीएस गर्ल्स हॉस्टल, नर्सेस हॉस्टल, डॉ. रेजीडेंस हॉस्टल, इंटर्न पीजी गर्ल्स हॉस्टल, कैंटीन, मेस, डेंटल कॉलेज परिसर में एसटीपी, ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र मुतक्कीपुर, दो मंजिला अधूरा निर्माण, कैरियर कॉन्वेंट कॉलेज परिसर विकासनगर सेक्टर-5, अर्द्धनिर्मित दो मंजिला भवन, घैला, मुतक्कीपुर, अल्लूनगर डिगुरिया, बरौरा हुसैनबाड़ी, अलीनगर की जमीन।
कभी 1200 रुपये की नौकरी करता था कैरियर डेंटल का मालिक
कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को गिरोह बनाकर अवैध संपत्तियां कब्जा करने वाले कैरियर डेंटल के मालिक अजमत अली और उसके बेटे सपा सरकार में राज्यमंत्री रहे मो. इकबाल की संपत्तियों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मड़ियांव, जानकीपुरम, अलीगंज सहित कई थानों की पुलिस व अधिकारी मौके पर थे।
मड़ियांव के घैला गांव का अजमत अली सामान्य परिवार से ताल्लुक रखता था। उनकी नाममात्र की पैतृक संपत्ति थी। परिवार के पालन पोषण के लिए उसने निसार अली के यहां 1200 रुपये प्रतिमाह की नौकरी शुरू की। हालांकि, अमीर बनने की चाहत में उसने गिरोह बनाकर अवैध तरीके से संपत्तियां हथियानी शुरू कर दी। इस काम में उसका बेटा इकबाल भी शामिल हो गया। मड़ियांव थाने में अजमत पर पहला मुकदमा 2000 में मारपीट व एससीएसटी धारा में दर्ज हुआ था। दस साल बाद हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ। मड़ियांव थाने में ही उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संपत्तियां बनाने व बलवा जैसे आठ मुकदमे दर्ज हैं। इकबाल पर भी मड़ियांव थाने में तीन केस दर्ज हैं।
एसीपी अलीगंज अखिलेश सिंह के मुताबिक अजमत अली ने 1995 में कैरियर कॉन्वेंट एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट बनाया। इसके बाद उसने सरकारी रास्तों, चकरोड व सरकारी जमीनों पर कब्जा करना शुरू कर दिया। अवैध कमाई से वर्ष 1998 से 2000 के बीच कैरियर कॉन्वेंट कॉलेज बनाया। 2007 में कैरियर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल की बिल्डिंग नेशनल हाईवे से मिलाकर बनानी शुरू की। अजमत अली ने सार्वजनिक स्थानों, चकरोड, नवीन परती जमीन को ट्रस्ट में मिलाकर उन पर भी निर्माण करा दिया। आरोप है कि ये सारी संपत्ति दबंगई और आपराधिक कारनामों से हासिल की।
बैंक में जमा 77 लाख भी जब्त
पीएनबी घैला, एक्सिस बैंक शाखा आईआईएम रोड, एसबीआई पांडेयगंज, आईसीआईसीआई नादान महल रोड में अजमत अली और इकबाल व उनके परिवारीजन और ट्रस्ट के नाम से जमा 77,35,530 रुपये जब्त कर लिए गए। इसके अलावा खुद और ट्रस्ट के नाम से खरीदीं लग्जरी गाड़ियां (फॉर्च्यूनर, ऑडी, क्वालिस, इनोवा) बस व अन्य 10,91,15,000 रुपये के वाहन हैं। पुलिस ने सारी संपत्तियों को जब्त कर लिया है।