मरने के बाद आफत बना अपराधी, पुलिसकर्मी पिटे!
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में हत्या के मामले में वांछित मुल्जिम की पुलिस हिरासत में मौत होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पीएचसी में हंगामा कर उसकी लाश लेकर कोतवाली पहुंची भीड़ ने पुलिसकर्मियों से मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। एसपी सिटी का भी घेराव किया गया। देर रात तक परिजन अधेड़ को घर से लाने वाले पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग पर अड़े हुए थे।
बुढ़ाना के शफीपुर पट्टी निवासी नवाब कुरैशी (55) पुत्र मंजूर कस्बे में फरवरी 2014 में हुई रिजवान की हत्या में 120बी का मुल्जिम था, तभी से वह फरार चल रहा था। रविवार की शाम करीब चार बजे दो पुलिसकर्मी नवाब को घर से हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचे।
इसी दौरान अचानक नवाब की हालत बिगड़ गई, जिसे तत्काल पीएचसी ले जाया गया। वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवाब की मौत की सूचना पर उसके परिजनों ने पीएचसी पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
अफसर फोर्स के साथ पहुंचे पर भीड़ रही बेकाबू
सूचना पर सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा और सीओ फुगाना इंस्पेक्टर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ के आगे उनकी एक नहीं चली। गुस्साए लोग लाश को पीएचसी से लेकर कोतवाली पहुंच गए और सबसे पहले वहां मौजूद संतरी को कई थप्पड़ जड़ दिए।
इसके बाद भीड़ कार्यालय में जा घुसी और वहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी मारपीट कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। कार्यालय में रखी कुर्सी-मेज और अन्य सामान तोड़ने के साथ ही रिकार्ड भी फाड़ दिया गया।
वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। कोतवाली में बवाल की सूचना पर अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ बेकाबू हो रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पहुंचे एसपी सिटी श्रवण कुमार का भीड़ ने घेराव कर लिया। गुस्साई भीड़ नवाब कुरैशी को घर से लेकर आने वाले पुलिसकर्मियों पर पीटकर मारने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग कर रही थी। देर रात तक भीड़ कोतवाली में ही मौजूद थी।
पुलिस ने बताया, इसलिए हुई थी मौत
भारतीय किसान मजदूर मंच के अध्यक्ष गुलाम मोहम्मद जौला व जिला पंचायत सदस्य अब्दुल जब्बार से वार्ता कर अफसर स्थिति पर काबू पाने की कोशिशों में लगे हुए हैं।
सीओ एसपी शर्मा का कहना है कि नवाब पहले से ही हृदयरोग से पीड़ित था। पूछताछ के लिए उसे कोतवाली लाया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हार्टअटैक से मौत हो गई।
उसके परिजनों से वार्ता की जा रही है और जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।