अलीगंज से महिला का अपहरण, शहीद पथ पर छोड़ भागे बदमाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगंज इलाके में दो साल पहले घर में घुसे बदमाशों से मुकाबला करके लूट की कोशिश नाकाम करने वाली महिला को बुधवार शाम मारुति वैन सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने अगवा कर लिया। जान से मारने की धमकी देने के साथ मोबाइल छीना और गहने उतरवाए। शहीद पथ पर महिला को छोड़कर फरार हो गए।
चंगुल से छूटी महिला ने राहगीर की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम व अपने पति को कॉल की। गोमतीनगर पुलिस ने महिला से तहकीकात के बाद अलीगंज थाने का रास्ता दिखाया। अलीगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू की है।
अलीगंज के सेक्टर-डी निवासी ठेकेदार अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी अनामिका ने बताया कि वह शाम अपने चार साल के बेटे आशुतोष को यूसी मैथ्स सेंटर पर छोड़कर बाहर स्कूटी के पास खड़ी थी। इस बीच पीछे से आई नीली मारुति वैन से उतरे दो बदमाशों ने अचानक हमला किया और मुंह दबाकर गाड़ी में लाद लिया। गाड़ी निशातगंज की तरफ भागने लगी।
उसने हाथापाई के साथ शोर मचाने की कोशिश की लेकिन अगलबगल बैठे बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के साथ मोबाइल छीना। उसमें से सिमकार्ड निकाले। अनामिका से गहने उतारकर पर्स में रखने को कहा। इस दौरान चारों बदमाश दो साल पहले की लूट का प्रयास नाकाम करने की बात कह रहे थे।
...और चंगुल से छूटकर भाग निकली महिला
अनामिका का कहना है कि चंगुल से छूटने के प्रयास नाकाम होते देख उसने लघुशंका की बात कहकर बदमाशों को शहीद पथ पर वैन रोकने के लिए मजबूर किया। अपना पर्स लेकर गाड़ी से उतरी और शोर मचाते भाग निकली। उसका मोबाइल बदमाशों के पास छूट गया, जबकि उससे निकाला एक सिमकार्ड पर्स में रख लिया था।
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद उसने एक राहगीर की मदद से पुलिस व अभिषेक को कॉल की। अभिषेक कार लेकर मौके पर पहुंचा। उसके साथ गोमतीनगर थाने पहुंची। पुलिसकर्मियों ने हुसड़िया चौकी भेजा। वहां के सिपाहियों ने मौके पर जाकर छानबीन की और घटनास्थल अलीगंज क्षेत्र का बताकर टरका दिया। अनामिका ने रात को अलीगंज थाने जाकर तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
अनामिका ने बताया कि 22 मई 14 की दोपहर चार-पांच बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से उसके घर धावा बोला था। मेनगेट के पास आहट महसूस होने पर निकली अनामिका की बदमाशों से भिड़ंत हुई। उसने एक बदमाश की कलाई पर दांत गड़ाने के साथ मुकाबला किया। वारदात अंजाम दिए बगैर लुटेरों को भागना पड़ा था। पुलिस ने लूट के प्रयास का केस दर्ज किया लेकिन बदमाशों को नहीं ढूंढ पाई। अनामिका का कहना है कि कुछ दिनों से बदमाश उसका पीछा कर रहे थे।
एसओ अलीगंज कमलापति यादव ने बताया कि अनामिका की रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात की जा रही है। उसके अपहरण व मिलने की सूचना कुछ समय के अंतराल पर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके दी गई थी। दोनों सूचनाएं देने वाले व्यक्तियों से बात करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर मारुति वैन को चिह्नित करके तह तक पहुंचने की कोशिश है।