गुंडों ने चौकी में सिपाही को पीटा, दरोगा को धुना व स्टार नोच डाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक रुपये की खातिर हुए विवाद पर चौकी लाए गए दबंगों ने एक सिपाही को ही पीट दिया। दरोगा बचाने दौड़ा तो गुंडों ने उस पर भी हमला कर स्टार नोच डाले।
सिपाही का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने चौकी में ही दूसरे पक्ष के लोगों को पीट रहे दबंग को टोक दिया था। उधर, पुलिस आरोपियों पर सख्ती बरतती, इससे पहले ही माननीयों ने दबाव डालना शुरू कर दिया।
नतीजतन मार खाने के बाद भी पुलिस को दबंगों के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई कर मामला निपटाना पड़ा। करीब दो घंटे तक बवाल चला।
खैराबाद कस्बे के मियां सरायं निवासी आसिफ की खैराबाद रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे किनारे पान की दुकान है। शनिवार दोपहर कस्बे के तोपखाना निवासी वाजिद, सबी व आमिर दुकान पर पान मसाला लेने पहुंचे। खरीदारी के बाद दुकानदार व दूसरा पक्ष एक रुपये के खातिर आपस में भिड़ गए।
बात बढ़ी तो मसाला ले रहे तीनों लोगों ने आसिफ को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान सूचना पाकर दुकानदार के भाई महताब व सहदा भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
माननीयों का दबाब पड़ा तो ऐसे ही छोड़ दिया
इसी बीच मछरेहटा पुलिस चौकी प्रभारी दिलीप कुमार चौबे व आरक्षी शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने दोनों पक्षों को पकड़कर चौकी पहुंचाया। यहां पर भी आसिफ का भाई महताब आपा खो बैठा और विरोधियों वाजिद आदि पर चौकी के भीतर ही हमला कर दिया।
आरक्षी शैलेंद्र रोकने लगा तो महताब ने बेतों से उसकी भी पिटाई शुरू कर दी। दरोगा दिलीप ने बीच-बचाव की कोशिश की दबंग उनसे उलझ गया। इस छीनाझपटी में दरोगा के स्टार नोच डाले। अन्य सिपाहियों की मदद से किसी तरह गुंडों को काबू में किया जा सका।
उधर, खबर लगते ही सत्ता पक्ष के माननीयों के दबाव पुलिस पर पड़ने लगे। नतीजा यह हुआ कि दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय पुलिस सिर्फ शांतिभंग का मामला ही दर्ज कर सकी।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि आरक्षी ने तहरीर दी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी अनिल तिवारी का कहना है कि पुलिस के साथ मारपीट की घटना नहीं हुई है। दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसके चलते दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान किया गया।