यौनशक्ति वर्धक दवाएं खाकर विधायक के गनर ने की थी गैंगरेप की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव के लखनऊ बटलर पैलेस स्थित आवास पर बृहस्पतिवार रात हुए गैंगरेप की कोशिश मामले में कई खुलासे हुए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनकी जेब से यौन शक्ति वर्धक दवाएं बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी मनोज ने बताया कि उसने रात में दो गोलियां खा ली थी। इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद शाही के अनुसार आरोपियों ने पहले ही गैंगरेप की योजना बना ली थी।
दरअसल, बृहस्पतिवार रात विधायक के गनर मनोज कुमार तिवारी व रसोइये सोहनलाल ने एक युवती से गैंगरेप की कोशिश की थी। वारदात के वक्त विधायक अपने आवास पर नहीं थे। मामले की जानकारी होने पर विधायक ने दोनों को हजरतगंज पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता ने दोनों के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों की एफआईआर दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
युवती की मां को बाहर बैठाकर की दुष्कर्म की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले गौतमपल्ली पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में उसके भाई को पकड़ा था। गुरुवार रात तीन बजे विधायक का रसोइया सोहनलाल उसके घर आया और कहा कि भाई के खिलाफ वारंट जारी हो गया है।
पूछताछ के लिए दीवान मनोज तिवारी बुला रहे हैं। युवती घबरा गई और विधायक आवास पहुंची। युवती की मां को बाहर बैठाकर उसे कमरे के भीतर ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की गई।
विधायक ने ही बुलाई पुलिस और कराया गिरफ्तार
भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव को जब पता चला कि बटलर पैलेस कॉलोनी स्थित उनके आवास पर उनके ही गनर मनोज कुमार तिवारी व रसोइये सोहनलाल ने युवती से गैंगरेप की कोशिश की तो उनके होश उड़ गए।उन्होंने तत्काल हजरतगंज पुलिस से संपर्क कर दोनों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने बताया कि विधायक से सूचना पाकर पुलिस को बटलर पैलेस भेजकर दोनों को हिरासत में ले लिया गया। पीड़िता की तरफ से छेड़छाड़, रंगदारी मांगने व गाली-गलौज की धारा में केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पहले रुपये मांगे, फिर अश्लील हरकतें
पीड़िता ने बताया कि कमरे में गनर मनोज और रसोइये सोहनलाल ने उसके भाई के खिलाफ वारंट की बात कहते हुए 10000 रुपये मांगे। गनर ने कहा कि अगर वह रुपये नहीं देगी तो उसके भाई को जेल भिजवा दिया जाएगा।
युवती घबरा गई और इतने रुपये न होने की बात कहते हुए गिड़गिड़ाने लगी। इसी बीच गनर व रसोइये ने उसे दबोच लिया। उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध करने पर उसका मुंह दबा दिया और कपड़े फाड़ने की कोशिश की।
पुलिस से शिकायत पर फर्जी केस में फंसाने की दी धमकी
युवती ने शोर मचाया तो बाहर बैठी मां कमरे में आ गईं। भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बेटी को छोड़ने की चेतावनी दी तो गनर व रसोइये ने उनसे भी गाली-गलौज व हाथापाई शुरू कर दी।
पुलिस से शिकायत करने पर फर्जी केस में बंद कराने की धमकी दी। युवती की मां किसी तरह उसे लेकर घर आईं। सुबह होने पर इलाके के लोगों को पूरा मामला पता चला तो आक्रोश फैल गया। युवती की मां ने विधायक से संपर्क कर उन्हें घटनाक्रम की जानकारी दी।